×

MP-छत्तीसगढ़-गुजरात में बारिश का कहर, जूनागढ़ के झरने में 40 लोग फंसे, कई राज्यों में बुरा हाल

 

बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव वाले क्षेत्र का असर दिखने लगा है। इसके चलते रविवार दोपहर से मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और गुजरात में मौसम में बदलाव देखा गया है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है, जबकि ओडिशा, तेलंगाना और कर्नाटक के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है।

गुजरात के जूनागढ़-गिरनार वन क्षेत्र में भारी बारिश के कारण आत्मेश्वर महादेव मंदिर जाने वाली सड़क पर पानी का बहाव अचानक बढ़ गया। इंद्रेश्वर मंदिर गए चालीस लोग, जिनमें बच्चे भी शामिल थे, पानी के तेज़ बहाव के बीच फंस गए। बारिश के कारण गिरनार पर्वत से गिरने वाले झरनों में अचानक बाढ़ जैसे हालात बन गए; हालांकि, सभी को सुरक्षित बचा लिया गया।

केरल के पूक्कोट्टुमपदम में कोट्टाप्पुझा नदी में अचानक बाढ़ आ गई। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और आशंका है कि पर्यटकों सहित लगभग सात अन्य लोग पानी के बहाव में बह गए हैं। लगातार बारिश के कारण उत्तर प्रदेश की नदियों में जलस्तर बढ़ रहा है। महोबा में जलस्तर बढ़ने के कारण छह बांध ओवरफ्लो हो गए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में राजस्थान, गुजरात और पंजाब के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी शुरू होने की संभावना है। केरल के मलप्पुरम जिले में कोट्टाप्पुझा नदी में अचानक आई बाढ़ में सात लोगों के बह जाने के बाद बचाव कार्य जारी है।

मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में भारी बारिश के बाद उफनते नाले में एक कार बह गई, जिससे उसमें सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई। शनिवार रात ओडिशा के भुवनेश्वर में भारी बारिश हुई, जिससे शहर के कई हिस्सों में जलजमाव हो गया।

शनिवार दोपहर बिहार की राजधानी पटना में भारी बारिश हुई; राज्य के 15 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार को भारी बारिश हुई; राज्य से मानसून के दो दिनों के भीतर वापस लौटने की संभावना है। ओडिशा के भुवनेश्वर में शनिवार से बारिश हो रही है और अगले तीन दिनों तक बहुत भारी बारिश का अनुमान है। इडुक्की में भूस्खलन के कारण दो लोगों की मौत हो गई। कोट्टाकम्बूर में भूस्खलन के कारण एक शेड ढह गया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और एक महिला घायल हो गई। अधिकारियों के अनुसार, बालकृष्णन और उनका परिवार खेतों में काम करने गए थे, लेकिन भारी बारिश के कारण उन्हें पास के एक शेड में शरण लेनी पड़ी।

गौरतलब है कि इलाके में रविवार सुबह से ही बारिश हो रही है। जब वे बारिश रुकने का इंतज़ार कर रहे थे, तभी मलबे का एक बड़ा हिस्सा शेड पर गिर पड़ा, जिससे वे तीनों उसके नीचे दब गए। यह घटना दोपहर करीब 3:30 बजे हुई।