×

शादी के नाम पर 40 से अधिक महिलाओं से ठगी, आरोपी इंदौर से गिरफ्तार

 

शादी के नाम पर महिलाओं को झांसा देकर ठगी करने वाले एक युवक को अहमदाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने मैट्रिमोनियल साइट्स के जरिए संपर्क बनाकर अब तक 40 से अधिक महिलाओं को अपना शिकार बनाया और उनसे करोड़ों रुपये की ठगी की।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित, पिता नवीन चौबे, निवासी शालिनी रोड देवास के रूप में हुई है। आरोपी को अहमदाबाद पुलिस ने इंदौर से दबोचा है।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी शादी के इच्छुक लोगों से मैट्रिमोनियल साइट्स के माध्यम से संपर्क करता था। वह खुद को एक प्रभावशाली और संपन्न व्यक्ति बताकर महिलाओं का भरोसा जीत लेता था। इसके बाद शादी का झांसा देकर उनसे पैसे ऐंठ लेता था।

जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अलग-अलग राज्यों की कई महिलाओं को निशाना बनाया और उनसे लाखों-करोड़ों रुपये की ठगी की। पुलिस को शक है कि पीड़ितों की संख्या और भी अधिक हो सकती है, जिसके चलते पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

अहमदाबाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि उसके बैंक खातों, डिजिटल ट्रांजेक्शन और संपर्कों की भी गहन जांच की जा रही है।

इस गिरफ्तारी के बाद पीड़ित महिलाओं के बीच राहत की भावना है, वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ऑनलाइन रिश्तों में सतर्कता बरतें और बिना जांच-पड़ताल किसी पर भरोसा न करें।