मध्य प्रदेश में मानसून का कहर: सतना-चित्रकूट में बाढ़ जैसे हालात, वीडियो में जाने मंदाकिनी खतरे के निशान से ऊपर; कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में स्ट्रॉन्ग मानसूनी सिस्टम के कारण कई जिलों भारी बारिश हो रही है। जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में लगातार बारिश से हालात बिगड़ने लगे हैं। कई नदियां उफान पर हैं और निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।सबसे ज्यादा असर सतना जिले में देखने को मिल रहा है। यहां भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। नदी का जलस्तर बढ़ने से रामघाट क्षेत्र में पानी भर गया, जिसके चलते करीब 400 दुकानें और 20 से 25 होटल डूब गए हैं। व्यापारियों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
सतना में स्कूल-कॉलेज बंद, बारिश का अलर्ट जारी
भारी बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए सतना जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिले के सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्रों में 2 और 3 सितंबर को अवकाश घोषित कर दिया गया है। प्रशासन ने यह कदम छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया है।मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक सतना और चित्रकूट में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ऐसे में फिलहाल हालात जल्द सुधरने की संभावना कम जताई जा रही है। प्रशासन की टीमें लगातार प्रभावित इलाकों में नजर बनाए हुए हैं।
कई जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट
मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान तेज बारिश होने की संभावना है। सीधी, पन्ना, कटनी, उमरिया, डिंडौरी, मंडला और सिवनी में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इन क्षेत्रों में 4 इंच से ज्यादा बारिश हो सकती है।इसके अलावा विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, सागर, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, जबलपुर, छतरपुर, सतना, रीवा, मऊगंज, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर और बालाघाट में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
इन जिलों में भी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी बारिश की संभावना जताई है। भोपाल, सीहोर, राजगढ़, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, पांढुर्णा, मैहर, दमोह, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान है।
प्रशासन अलर्ट, नदी किनारे रहने वालों को सावधानी की सलाह
लगातार बारिश के कारण नदियों और नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। आपदा प्रबंधन टीमों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से मिल रही नमी के कारण प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज हुई हैं। आने वाले दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की गई है।