दमोह के छात्रावास में बड़ा हादसा: जर्जर छत का प्लास्टर गिरने से 8 छात्राएं घायल, अस्पताल में कराया गया भर्ती
जिले के पटेरा विकासखंड के ग्राम राजाबंदी स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालिका छात्रावास में बुधवार शाम बड़ा हादसा हो गया। छात्रावास के जर्जर भवन की छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे वहां मौजूद 8 छात्राएं घायल हो गईं। हादसे के बाद छात्रावास में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और छात्रावास स्टाफ ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। सभी घायल छात्राओं को एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पटेरा पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने किया प्राथमिक उपचार
सीएचसी पटेरा में डॉ. अभिषेक पटेल और मेडिकल टीम ने घायल छात्राओं का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार सभी छात्राओं की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। गंभीर चोट वाली छात्राओं की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया जा सकता है।
जर्जर भवन पर उठे सवाल
हादसे के बाद छात्रावास भवन की स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि भवन लंबे समय से जर्जर हालत में था, लेकिन इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। यदि समय रहते भवन की मरम्मत कर दी जाती तो इस तरह का हादसा टाला जा सकता था।
जांच के निर्देश, जिम्मेदारों पर उठे सवाल
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। प्रशासन ने हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही छात्रावास भवन की सुरक्षा का आकलन कर आवश्यक मरम्मत और अन्य छात्रावासों की भी जांच कराने की बात कही है।
स्थानीय लोगों ने छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए जर्जर शासकीय भवनों की तत्काल मरम्मत कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।