कटनी CSP नेहा पच्चीसिया सस्पेंड, FIR के बाद ऑफिस भी सीज; वीडियो में जाने कंहवारा जमीन सौदे की जांच तेज
मध्य प्रदेश के कटनी में नगर पुलिस अधीक्षक यानी CSP नेहा पच्चीसिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उन्हें तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करने के आदेश दिए हैं। निलंबन के बाद पुलिस मुख्यालय यानी PHQ के निर्देश पर कटनी स्थित CSP कार्यालय को भी सीज कर दिया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से इस कार्रवाई की जानकारी साझा की गई।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही, दबाव या पद के दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।जानकारी के मुताबिक, CSP नेहा पच्चीसिया के खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर उनके कार्यालय को सीज किया गया। पुलिस का कहना है कि कार्यालय को सीज करने का उद्देश्य कंहवारा जमीन सौदे से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों और साक्ष्यों को सुरक्षित रखना है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, CSP कार्यालय में मौजूद केस डायरी, आधिकारिक रिकॉर्ड और डिजिटल साक्ष्य जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण हो सकते हैं। कार्यालय को सीज किए जाने से इन दस्तावेजों या इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड में किसी तरह की छेड़छाड़ या बदलाव की संभावना को रोका जा सकेगा। जांच एजेंसियां अब इन सभी साक्ष्यों की पड़ताल करेंगी।कंहवारा जमीन सौदे से जुड़े मामले में CSP के खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद पुलिस प्रशासन में भी हलचल तेज हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गृह विभाग ने विभागीय जांच की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसके साथ ही SIT जांच को भी आगे बढ़ाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री की ओर से दिए गए निर्देशों के बाद वरिष्ठ अधिकारी पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि जमीन सौदे से जुड़े मामले में पुलिस की भूमिका क्या रही और क्या किसी अधिकारी या कर्मचारी ने अपने पद का दुरुपयोग किया।कार्यालय सीज किए जाने के बाद पुलिस रिकॉर्ड और डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित खने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जांच एजेंसियां केस डायरी समेत अन्य दस्तावेजों को अपने कब्जे में लेकर उनकी जांच कर सकती हैं।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने स्पष्ट किया है कि पुलिस प्रशासन में जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारियों से नियमों के मुताबिक काम करने की अपेक्षा है। किसी भी अधिकारी पर लापरवाही, दबाव में काम करने या पद के दुरुपयोग के आरोप साबित होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल नेहा पच्चीसिया के निलंबन, FIR और CSP कार्यालय सीज किए जाने के बाद कंहवारा जमीन सौदे से जुड़े पूरे मामले की जांच महत्वपूर्ण चरण में पहुंच गई है। विभागीय जांच और SIT की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होने की संभावना है।