बागेश्वर धाम के पर्चे को लेकर झांसी दंपती का दावा, वीडियो में बोले- ‘पुत्र योग’ लिखा था, लेकिन बेटी का हुआ जन्म
उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के एक श्रद्धालु दंपती ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से जुड़े एक दावे को लेकर चर्चा शुरू कर दी है। दंपती का कहना है कि धाम में लगाए गए आवेदन के दौरान बनाए गए पर्चे में ‘पुत्र योग’ लिखा गया था, लेकिन बाद में उनके घर बेटी का जन्म हुआ। झांसी निवासी राजेंद्र श्रीवास के अनुसार, उन्होंने बागेश्वर धाम में अर्जी लगाई थी। उनका कहना है कि उस समय पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ओर से बनाए गए पर्चे में ‘पुत्र योग’ लिखा गया था। इस बात को देखकर उनके मन में संतान को लेकर उम्मीद जगी।
पर्चे में लिखी बात पर हुआ विश्वास
राजेंद्र श्रीवास ने बताया कि उनकी पहले से तीन बेटियां थीं। छोटी बेटी की उम्र करीब 9 से 10 साल थी। उनका कहना है कि परिवार की ओर से आगे संतान की कोई योजना नहीं थी, लेकिन पर्चे में लिखी बात और वहां किए गए दावे सुनकर उन्हें विश्वास हो गया।राजेंद्र के मुताबिक, जब उन्होंने दोबारा अर्जी लगाकर आगे की आज्ञा मांगी तो पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने पर्चे पर ‘राम जय जय’ लिखकर दिया। उन्होंने दावा किया कि उस दौरान उनके मन में कोई सवाल नहीं था, लेकिन पर्चे पर लिखी बात से उन्हें उम्मीद बंध गई थी।
11 जून को बेटी का हुआ जन्म
राजेंद्र श्रीवास का कहना है कि 11 जून को उनके घर फिर से बेटी का जन्म हुआ। उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद उन्हें लगा कि पर्चे में लिखी गई बात सही नहीं निकली।उन्होंने कहा कि वह बागेश्वर धाम के प्रति अपनी आस्था रखते हैं, लेकिन उनके साथ हुई इस घटना को लेकर उन्होंने अपनी बात सामने रखी है।
सोशल मीडिया पर चर्चा
इस मामले के सामने आने के बाद यह घटना सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गई है। हालांकि, ऐसे दावों को लेकर अलग-अलग लोगों की अलग-अलग मान्यताएं हैं। बागेश्वर धाम और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।