इंदौर में 60 लाख की संपत्ति के लिए बेटे ने पिता और बहन की हत्या की: पिता का शव 10 किमी दूर फेंका, बायां पंजा काटा; बहन का दुपट्टे से घोंटा गला
मध्य प्रदेश के इंदौर में करीब 60 लाख रुपए की संपत्ति के विवाद में पिता और बेटी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बेटे हर्ष यादव ने अपने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर पहले पिता राजू यादव (50) की हत्या की। इसके बाद उनके शव को चादर में लपेटकर करीब 10 किलोमीटर दूर फेंक दिया। वारदात के दौरान पिता के बाएं हाथ का पंजा भी काट दिया गया। इसके बाद आरोपी ने अपनी 20 वर्षीय बहन हर्षिता यादव की भी दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी।
पुलिस ने मामले में एक नाबालिग को पकड़ लिया है, जबकि मुख्य आरोपी हर्ष यादव की तलाश की जा रही है। शुरुआती जांच में परिवार की तंबोली बाखल स्थित करीब 60 लाख रुपए की संपत्ति को हत्या की वजह माना जा रहा है।
पिता का शव चादर में लपेटकर 10 किलोमीटर दूर फेंका
जानकारी के मुताबिक, राजू यादव मूल रूप से तंबोली बाखल के रहने वाले थे। वह ऑटो रिक्शा चलाकर परिवार का गुजारा करते थे। फिलहाल वह अरिहंत नगर में किराए के मकान में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर को इसी मकान में उनकी हत्या कर दी गई।
हत्या के बाद शव को चादर में लपेटकर हातोद थाना क्षेत्र के जम्बूड़ी हप्सी में फेंक दिया गया। शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे बड़ी कलमेर और माली बड़ोदिया के बीच एक पुलिया के पास कचरे में चादर से लिपटे पैर दिखाई दिए। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद किया। जांच में मृतक की पहचान राजू यादव के रूप में हुई। उनके बाएं हाथ का पंजा कटा हुआ था और शरीर पर चोटों के निशान भी मिले।
बहन का शव किराए के मकान में मिला
पिता की हत्या के बाद हर्षिता यादव की भी हत्या कर दी गई। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे एरोड्रम थाना क्षेत्र के कालानी नगर स्थित किराए के मकान में उसका शव मिला। मकान काफी देर से बंद था। इस पर आसपास रहने वाले लोगों को शक हुआ और उन्होंने मकान मालिक को सूचना दी।
मकान मालिक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे के अंदर बेडरूम में हर्षिता का शव मिला। उसके गले में दुपट्टा कसा हुआ था। शुरुआती जांच में उसकी गला घोंटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई।
बहन के पास थे संपत्ति के दस्तावेज
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे संपत्ति का विवाद सामने आया है। परिवार की तंबोली बाखल इलाके में करीब 60 लाख रुपए की संपत्ति थी। बताया जा रहा है कि राजू यादव ने इस मकान का सौदा किया था और उसका कुछ बयाना भी ले लिया था। संपत्ति से जुड़े दस्तावेज हर्षिता के पास रखे हुए थे।
पुलिस के मुताबिक, हर्ष यादव अपने पिता से संपत्ति के दस्तावेज हासिल करना चाहता था। पिता ने संपत्ति बेचने के बाद बेटे पर भरोसा नहीं किया और दस्तावेज बहन के पास रख दिए थे। इसी बात को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। इसी विवाद को दोनों हत्याओं की संभावित वजह माना जा रहा है।
मां की तीन साल पहले हो चुकी थी मौत
परिवार में मां का करीब तीन साल पहले निधन हो चुका था। पिता राजू और बेटी हर्षिता अलग-अलग किराए के मकानों में रहते थे, जबकि हर्ष भी उनसे अलग रहता था। राजू और हर्ष दोनों ऑटो रिक्शा चलाते थे।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके आधार पर हर्ष के एक साथी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया है। एक नाबालिग की भूमिका भी सामने आई है। मुख्य आरोपी हर्ष फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस दोनों हत्याओं के घटनाक्रम और संपत्ति विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।