×

‘ना’ सुनते ही पति बना हैवान, वॉशरूम से निकलते ही पत्नी पर हमला; बेटे ने बचाने की कोशिश की तो उसे भी दबोचा

 

मध्य प्रदेश के इंदौर में पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति पर जबरदस्ती संबंध बनाने की कोशिश, मारपीट और गला दबाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला के मुताबिक, उसने पति के साथ संबंध बनाने से इनकार किया तो आरोपी ने आपा खो दिया और उसके साथ जबरदस्ती करने लगा। विरोध करने पर उसने महिला के साथ मारपीट की और उसका गला दबा दिया। महिला की चीख सुनकर बेटा मौके पर पहुंचा तो आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट की।

पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुटी है।

वॉशरूम से निकलते ही बंद किया दरवाजा

महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह घटना के दौरान वॉशरूम गई थी। जैसे ही वह वहां से बाहर निकली, पति ने अचानक दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की।

महिला के विरोध करने पर पति कथित तौर पर गुस्से में आ गया। आरोप है कि उसने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसका गला दबाने लगा। महिला ने खुद को बचाने के लिए चीख-पुकार की।

मां की चीख सुनकर पहुंचा बेटा

महिला की आवाज सुनकर उसका बेटा मौके पर पहुंचा। उसने अपनी मां को बचाने और पिता को रोकने की कोशिश की। आरोप है कि इससे पति और भड़क गया और उसने बेटे का भी गला दबा दिया।

घटना में बेटे के हाथ और गले पर चोट आने की बात सामने आई है। इसके बाद महिला ने पुलिस से शिकायत करने का फैसला लिया और थाने पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी।

पुलिस पहुंची तो घर से फरार मिला पति

महिला की शिकायत मिलने के बाद जूनी इंदौर पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए उसके घर पहुंची। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से फरार हो चुका था। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जाएगी, जिसके आधार पर घटना की परिस्थितियों और विवाद की पूरी जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

शिकायत के आधार पर जांच जारी

फिलहाल पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज किया है। मामले में आरोपी पर जबरदस्ती करने की कोशिश और मारपीट समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर घरेलू रिश्तों में हिंसा और जबरदस्ती के गंभीर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।