×

उज्जैन में UCC के विरोध में सड़कों पर उतरीं सैकड़ों मुस्लिम महिलाएं, जामा मस्जिद में लगाए ‘हिंदुस्तान जिंदाबाद’ के बैनर

 

मध्य प्रदेश के उज्जैन में समान नागरिक संहिता यानी UCC को लेकर विरोध तेज हो गया है। रविवार को खाराकुआं स्थित जामा मस्जिद के आसपास सैकड़ों मुस्लिम महिलाएं बुर्का और हिजाब पहनकर सड़क पर उतरीं। महिलाओं ने हाथों में तख्तियां और तिरंगे लेकर UCC के कुछ प्रावधानों का विरोध किया। इस दौरान मस्जिद परिसर में ‘हिंदुस्तान जिंदाबाद’ के बैनर भी लगाए गए।

प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित मध्य प्रदेश समान नागरिक संहिता विधेयक 2026 के कुछ प्रावधान उनके धार्मिक और व्यक्तिगत कानूनों से जुड़े मामलों को प्रभावित कर सकते हैं। महिलाओं ने विशेष रूप से विवाह और तीन तलाक जैसे मामलों को लेकर अपनी आपत्तियां जाहिर कीं। प्रदर्शनकारियों के हाथों में मौजूद तख्तियों पर ‘काला कानून वापस लो’, ‘धर्मनिरपेक्षता जिंदाबाद’ और ‘शरीयत में छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं’ जैसे संदेश लिखे थे।

राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

प्रदर्शन के दौरान मुस्लिम नुमाइंदा कमेटी की ओर से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया। इसमें मध्य प्रदेश UCC विधेयक को मौजूदा स्वरूप में वापस लेने या उसके प्रावधानों पर दोबारा विचार करने की मांग की गई है।

कमेटी ने धार्मिक स्वतंत्रता और नागरिकों के मौलिक अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी रखी। साथ ही विधेयक से प्रभावित समुदायों के साथ व्यापक चर्चा करने की बात कही गई है।

महिलाओं ने कहा- सरकार या किसी समुदाय के खिलाफ नहीं है विरोध

प्रदर्शन में शामिल महिला प्रतिनिधियों ने कहा कि उनका विरोध किसी सरकार या समुदाय के खिलाफ नहीं है। वे केवल उन प्रावधानों को लेकर अपनी चिंता जाहिर कर रही हैं, जिन्हें वे अपने धार्मिक और व्यक्तिगत कानूनों से जुड़ा मानती हैं।

डॉ. फौजिया अंजुम ने कहा कि मुस्लिम महिलाओं को समानता के नाम पर किसी भी विधेयक का समर्थन करने से पहले उसके प्रावधानों को अच्छी तरह समझना चाहिए। वहीं प्रदर्शन में शामिल अन्य महिलाओं ने संविधान में मिले मौलिक और धार्मिक अधिकारों का हवाला देते हुए अपनी मांगें रखीं।

सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात

प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। तीन थानों के थाना प्रभारी, एसडीएम, सीएसपी और पुलिस जवानों को तैनात किया गया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं के हाथों में तिरंगे भी नजर आए।

UCC को लेकर उज्जैन में सामने आया यह प्रदर्शन मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता के मुद्दे पर चल रही बहस को और तेज कर सकता है। अब प्रदर्शनकारियों की मांगों और सरकार की प्रतिक्रिया पर नजर रहेगी।