छिंदवाड़ा में शादी समारोह में हाई-वोल्टेज ड्रामा, वीडियो में देंखे वरमाला के बीच दुल्हन प्रेमी संग भागी
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में एक शादी समारोह उस समय हाई-वोल्टेज ड्रामे में बदल गया, जब वरमाला की रस्म के बीच अचानक दुल्हन स्टेज से भागकर अपने प्रेमी के पास पहुंच गई और दूल्हे को छोड़कर उसी के गले में माला डाल दी।यह पूरा मामला उमरेठ क्षेत्र का है और 27-28 अप्रैल की दरमियानी रात का बताया जा रहा है। मंगलवार को इस घटना को लेकर वर पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया। गुरुवार को इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है।
जानकारी के अनुसार, भलावी परिवार का दूल्हा परासिया से बारात लेकर मुजावर गांव पहुंचा था। शादी समारोह में धूमधाम से बारात का स्वागत किया गया, आतिशबाजी हुई और मेहमानों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था भी की गई थी। सब कुछ सामान्य तरीके से चल रहा था और वरमाला की रस्म का इंतजार किया जा रहा था।कुछ देर बाद दूल्हा स्टेज पर पहुंचा और वरमाला की तैयारी शुरू हुई। थोड़ी ही देर में दुल्हन भी स्टेज पर पहुंची। उसके हाथ में वरमाला थी और वह इधर-उधर कुछ देर तक देखती रही, जिससे वहां मौजूद लोग भी हैरान थे।
इसके बाद अचानक दुल्हन स्टेज से नीचे उतरी और तेजी से पंडाल की ओर दौड़ पड़ी। वहां मौजूद लोगों के सामने वह अपने प्रेमी के पास पहुंची और उसे गले लगा लिया। यही नहीं, दुल्हन ने अपने प्रेमी के गले में वरमाला भी डाल दी।इस अप्रत्याशित घटना से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और बारातियों में हड़कंप की स्थिति बन गई। कुछ ही पलों में खुशियों का माहौल तनाव और हैरानी में बदल गया।
वर पक्ष का आरोप है कि उन्हें इस रिश्ते की कोई जानकारी पहले से नहीं दी गई थी और शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। इसी आधार पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। वहीं यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह मामला एक बार फिर विवाह जैसे सामाजिक आयोजन में व्यक्तिगत निर्णय और पारिवारिक सहमति के बीच टकराव को उजागर करता है, जिसने एक खुशी के मौके को विवाद में बदल दिया।