रतलाम रेलवे ग्रुप-D भर्ती फिजिकल टेस्ट में फर्जीवाड़ा: आधार में बदले थंब और फोटो, रेटिना स्कैन से पकड़े गए यूपी के 3 मुन्नाभाई
रेलवे ग्रुप-D भर्ती के फिजिकल टेस्ट के अंतिम दिन बुधवार को बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया। रतलाम रेलवे ग्राउंड पर आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा में उत्तर प्रदेश के तीन फर्जी अभ्यर्थियों को पकड़ा गया, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।आरोपियों ने मूल अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देने के लिए तकनीक का सहारा लिया था। लेकिन रेलवे की सख्त बायोमेट्रिक जांच के चलते उनका फर्जीवाड़ा पकड़ा गया।
आधार कार्ड में बदल दिए थे थंब और फोटो
जांच में सामने आया है कि गिरोह ने मूल अभ्यर्थियों के आधार कार्ड में छेड़छाड़ कर फर्जीवाड़ा करने की कोशिश की थी। आरोपियों ने आधार रिकॉर्ड में फिंगरप्रिंट (थंब) और फोटो बदलने तक की कोशिश की थी, ताकि पहचान प्रक्रिया को धोखा दिया जा सके।लेकिन रेलवे भर्ती प्रक्रिया में की जा रही आधुनिक जांच व्यवस्था के सामने उनकी चालाकी काम नहीं आई।
रेटिना स्कैन से खुला राज
रेलवे भर्ती बोर्ड की ओर से फिजिकल टेस्ट के दौरान अभ्यर्थियों की पहचान के लिए कई स्तरों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान रेटिना स्कैन और बायोमेट्रिक जांच में गड़बड़ी पकड़ में आई।जांच में पाया गया कि परीक्षा देने पहुंचे युवक असली अभ्यर्थी नहीं थे, बल्कि उनकी जगह फर्जी तरीके से शामिल हुए थे।
बिहार के बाद रतलाम में सामने आया मामला
रेलवे भर्ती परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थियों के पकड़े जाने का यह नया मामला है। इससे पहले बिहार में भी इस तरह के फर्जीवाड़े के मामले सामने आ चुके हैं।रतलाम में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश
रेलवे और पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पकड़े गए तीनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
वहीं, फरार चौथे आरोपी की तलाश में भी टीमें लगाई गई हैं।
भर्ती प्रक्रिया में बढ़ाई गई निगरानी
रेलवे भर्ती परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा रोकने के लिए अब आधार सत्यापन, बायोमेट्रिक, फोटो मिलान और अन्य आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है।रतलाम की इस घटना ने एक बार फिर दिखाया है कि फर्जी तरीके से नौकरी हासिल करने की कोशिश करने वालों पर जांच एजेंसियों की नजर बनी हुई है।