होटल श्रीगंगा के फूड वेस्ट टैंक में दम घुटने से चार कर्मचारियों की मौत, परिजनों में आक्रोश; प्रदर्शन की तैयारी
देवास रोड स्थित होटल श्रीगंगा में फूड वेस्ट टैंक की सफाई के दौरान चार कर्मचारियों की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। शनिवार रात हुए इस हादसे के बाद रविवार को मृतकों के परिजन होटल प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश जताने के लिए होटल पहुंचने की तैयारी में थे। पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों ने चक्काजाम और प्रदर्शन करने की योजना बनाई थी।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात होटल के फूड वेस्ट टैंक की सफाई के दौरान चार कर्मचारियों की मौत हो गई थी। घटना के बाद से ही मृतकों के परिवारों में शोक के साथ नाराजगी भी बनी हुई है। रविवार को पोस्टमार्टम के दौरान परिजन होटल पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करना चाहते थे। उनकी तैयारी चक्काजाम करने की भी थी।
हालांकि, पुलिस को इसकी जानकारी मिलने के बाद मौके पर समझाइश दी गई। पुलिस ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें प्रदर्शन और चक्काजाम नहीं करने के लिए समझाया। इसके बाद परिजन फिलहाल रुक गए।
चार कर्मचारियों की एक साथ मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के बाद होटल में सुरक्षा और सफाई व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। परिजन इस घटना को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करना चाहते थे, लेकिन पुलिस की समझाइश के बाद उन्होंने तत्काल प्रदर्शन नहीं किया।