23 दिन से लापता 11 साल के बेटे की तलाश में दर-दर भटक रहा पिता, 55 हजार रुपये खर्च कर छपवाए 1600 पर्चे; मंदिर की सीढ़ियों पर गुजार रहा रातें
एक पिता के लिए इससे बड़ा दर्द क्या होगा कि उसका 11 साल का बेटा अचानक घर से लापता हो जाए और कई दिनों तक उसकी कोई खबर न मिले। उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के एक पिता की ऐसी ही दर्दभरी कहानी सामने आई है। बेटा वीर 23 दिनों से लापता है। उसे खोजने के लिए पिता मनोज पटेल अपनी जमा पूंजी तक खर्च कर चुके हैं। अब बेटे की तस्वीर और पर्चे हाथ में लेकर शहर-शहर भटक रहे हैं। उम्मीद की तलाश में वे पैदल करीब 200 किलोमीटर का सफर तय कर भोपाल पहुंच गए हैं।
मनोज की आंखों में थकान जरूर है, लेकिन बेटे को खोजने की उम्मीद अब भी कायम है। इस दौरान कई रातें उन्होंने मंदिरों की सीढ़ियों पर गुजारीं। कभी मंदिर में मिला प्रसाद खाकर पेट भरा तो कभी मददगार लोगों के सहारे दिन गुजारा। उनकी बस एक ही गुहार है कि किसी तरह उनके बेटे वीर का पता चल जाए।
20 अक्टूबर की सुबह अचानक लापता हुआ वीर
मनोज पटेल उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के नाराहट गांव के रहने वाले हैं। वह ई-रिक्शा चलाकर और दुर्गा प्रतिमाएं बनाकर परिवार का गुजारा करते हैं। उनके परिवार में पत्नी, 11 साल का बेटा वीर और आठ साल की बेटी है। वीर पांचवीं कक्षा में पढ़ता है।
परिजनों के मुताबिक, 20 अक्टूबर की सुबह करीब आठ बजे वीर घर के बाहर छांव में कुर्सी पर बैठा था। उस समय पिता मनोज चाय बना रहे थे और उनकी पत्नी कपड़े धो रही थीं। मनोज ने बेटे को चाय पीने के लिए आवाज भी लगाई, लेकिन कुछ देर बाद वह वहां दिखाई नहीं दिया। परिवार को पहले लगा कि वह आसपास कहीं गया होगा। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो सभी की चिंता बढ़ गई।
बेटे की तलाश में खर्च कर दिए 55 हजार रुपये
वीर को खोजने के लिए मनोज ने शुरुआत में आसपास के इलाकों में तलाश की। बाइक और ऑटो से कई जगह गए। इसके बावजूद कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने बेटे की तस्वीर वाले करीब 1600 पर्चे छपवाए। इन पर्चों को तैयार कराने और तलाश के दौरान अब तक करीब 55 हजार रुपये खर्च हो चुके हैं।
मनोज रेलवे स्टेशनों, सार्वजनिक स्थानों और बाजारों में लोगों को पर्चे बांट रहे हैं। वह हर मिलने वाले व्यक्ति से बेटे की तस्वीर दूसरों तक पहुंचाने की अपील करते हैं। उन्हें उम्मीद है कि कहीं कोई वीर को पहचान लेगा और परिवार को उसके बारे में जानकारी मिल जाएगी।
कई शहरों से होते हुए पैदल पहुंचे भोपाल
बेटे की तलाश में मनोज ललितपुर के अलावा छतरपुर, बीना, दतिया, ओरछा, सागर, झांसी और टीकमगढ़ सहित कई इलाकों में जा चुके हैं। शुरुआती दिनों में उन्होंने करीब 100 किलोमीटर के दायरे में तलाश की। इसके बाद पर्चे लेकर दूसरे शहरों की ओर निकल पड़े। इस दौरान करीब 200 किलोमीटर तक का सफर पैदल तय किया।
रास्ते में उनके पास न तो ठहरने का कोई निश्चित ठिकाना है और न ही खाने-पीने का इंतजाम। कई बार मंदिरों की सीढ़ियों पर रात गुजारनी पड़ती है। कभी प्रसाद मिल जाता है तो उसी से गुजारा कर लेते हैं।
भोपाल में एसीपी संतोष पटेल से लगाई मदद की गुहार
10 नवंबर को मनोज भोपाल पहुंचे। यहां उन्होंने बेटे की तस्वीर और गुमशुदगी से जुड़ी जानकारी लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की। इस दौरान उनकी मुलाकात एसीपी संतोष पटेल से भी हुई। मनोज ने उनसे वीर की तस्वीर और जानकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने में मदद मांगी। उन्हें उम्मीद है कि इंटरनेट पर तस्वीर साझा होने से बेटे के बारे में कोई सुराग मिल सकता है।
उधर, ललितपुर में वीर की मां भी 23 दिनों से बेटे के लौटने का इंतजार कर रही हैं। घर का दरवाजा खुलते ही उनकी निगाहें बेटे को तलाशती हैं। परिवार के लिए हर गुजरता दिन बेचैनी बढ़ा रहा है। मनोज की अपील है कि अगर किसी को भी वीर के बारे में कोई जानकारी मिले तो परिवार या पुलिस को जरूर सूचित करें