☰
×

भोपाल में बस और ट्रेन से हो रही करोड़ों की ड्रग्स तस्करी: बैग और कपड़ों के पैकेट में छिपाकर ले जा रहे नशीले पदार्थ, DRI की कार्रवाई से खुलासा

 

बस और ट्रेन में आम यात्रियों की तरह सफर करने वाले तस्कर करोड़ों रुपये की ड्रग्स लेकर एक शहर से दूसरे शहर पहुंच रहे हैं। नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए ये लोग बैग, कपड़ों के पैकेट और अन्य सामान का इस्तेमाल कर रहे हैं। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस और डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) की लगातार हो रही कार्रवाइयों ने तस्करी के इस तरीके का खुलासा किया है। हाल के महीनों में बसों और रेलवे स्टेशनों पर हुई कई कार्रवाई में करोड़ों रुपये के नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं।

जांच एजेंसियों के सामने यह बात आई है कि तस्कर लंबी दूरी की बसों और ट्रेनों में सामान्य यात्रियों की तरह सफर करते हैं। वे नशीले पदार्थों को सामान के बीच छिपाकर ले जाते हैं, ताकि किसी को शक न हो। हालांकि, खुफिया सूचनाओं के आधार पर DRI की टीमें ऐसे यात्रियों को रास्ते में या बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर रोककर तलाशी ले रही हैं।

बस से 5.32 करोड़ की एम्फेटामाइन बरामद

DRI ने 5 नवंबर को दिल्ली से भोपाल आ रही एक बस में सफर कर रहे यात्री को सोनकच्छ टोल प्लाजा के पास रोका था। उसके हल्के भूरे रंग के डफेल बैग की तलाशी लेने पर तीन चांदी जैसे रंग के प्लास्टिक पैकेट मिले। इनमें सफेद क्रिस्टल जैसा पदार्थ भरा हुआ था।

जांच में इन पैकेटों से 6.642 किलोग्राम एम्फेटामाइन बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में इसकी कीमत करीब 5.32 करोड़ रुपये आंकी गई। आरोपी को NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया। उसके बैग से 48,400 रुपये नकद भी मिले, जिन्हें एजेंसी ने जब्त किया। जांच में पता चला कि आरोपी बेंगलुरु पुलिस के एक अन्य NDPS मामले में जमानत पर बाहर था।

बस के यात्रियों से 3.45 करोड़ की ड्रग्स मिली

इससे पहले 1 नवंबर को भोपाल के ISBT पर DRI ने दिल्ली से आई बस में दो यात्रियों को पकड़ा था। तलाशी के दौरान एक यात्री के ग्रे रंग के बैग से भूरे टेप में लिपटे आठ पैकेट मिले। इनमें करीब 4.071 किलोग्राम संदिग्ध नशीला पदार्थ था।

दूसरे यात्री के पास से भी दो पैकेट बरामद हुए, जिन्हें उसने पाउच में छिपाकर अपनी पैंट के अंदर रखा था। सभी पैकेटों की जांच में एम्फेटामाइन की पुष्टि हुई। कुल 4.321 किलोग्राम ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत करीब 3.45 करोड़ रुपये बताई गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

सलवार सूट के पैकेट में छिपाई थी 7.32 करोड़ की ड्रग्स

20 अक्टूबर को DRI ने भोपाल के ISBT पर ही एक अन्य यात्री को पकड़ा था। उसके दो ट्रॉली बैग में सलवार सूट के पैकेट रखे हुए थे। इन्हीं पैकेटों के अंदर 11 प्लास्टिक पैकेट छिपाकर रखे गए थे। तलाशी में 9.139 किलोग्राम मेथामफेटामाइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत करीब 7.32 करोड़ रुपये बताई गई। आरोपी को NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया था।

रेलवे स्टेशनों पर भी हो चुकी है कार्रवाई

ड्रग्स तस्करी के लिए केवल बसों का ही इस्तेमाल नहीं हो रहा है। सितंबर में DRI ने भोपाल जंक्शन और रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर अलग-अलग कार्रवाई की थी। इन कार्रवाइयों में ट्रेन से सफर कर रहे दो यात्रियों के पास से कुल 4.382 किलोग्राम एम्फेटामाइन बरामद हुई थी। इसकी कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपये आंकी गई थी। एक यात्री ने ड्रग्स डफेल बैग में छिपाई थी, जबकि दूसरी यात्री के सामान में सलवार-कुर्तों के अंदर पैकेट रखे गए थे। दोनों को गिरफ्तार किया गया था।

लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने अंतरराज्यीय यात्री परिवहन के जरिए नशीले पदार्थों की तस्करी को लेकर चिंता बढ़ा दी है। DRI अब जब्त की गई ड्रग्स के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और उन्हें लेने वाले लोगों की पहचान करने में जुटी है। एजेंसी की जांच का मकसद यह पता लगाना भी है कि इन तस्करी के मामलों के पीछे कोई बड़ा संगठित नेटवर्क तो काम नहीं कर रहा।