करीना कपूर की इंस्टाग्राम पोस्ट पर विवाद, भोपाल के कांग्रेस नेता ने भेजा लीगल नोटिस; वीडियो में जाने पोस्ट हटाने और माफी की मांग
बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान की एक इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। भोपाल के कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने अभिनेत्री को कानूनी नोटिस भेजा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि करीना ने अपनी पोस्ट में करीब 400 साल पुराने ऐसे पेंडेंट को पहना है, जो भोपाल के नवाबी राजपरिवार की विरासत और धार्मिक आस्था से जुड़ा हुआ है। अब्बास हफीज ने इस मामले में करीना से पोस्ट हटाने, माफी मांगने और भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने की मांग की है।
दैनिक भास्कर से बातचीत में अब्बास हफीज ने बताया कि करीना कपूर ने इंस्टाग्राम पोस्ट में जो गहने पहने हैं, उनमें एक पेंडेंट और कलगी शामिल है। उनके मुताबिक, ये दोनों भोपाल रियासत और राजपरिवार की ऐतिहासिक विरासत का हिस्सा हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें करीना के कलगी या पारंपरिक लिबास पहनने पर कोई आपत्ति नहीं है। उनकी आपत्ति केवल पेंडेंट को पहनने और उसे सार्वजनिक रूप से दिखाने को लेकर है।
400 साल पुराने पेंडेंट पर लिखी हैं कुरान की आयतें
अब्बास हफीज का दावा है कि करीना ने जो पेंडेंट पहना है, वह करीब 400 साल पुराना है। इस पर कुरान की आयतें लिखी हुई हैं। उनके अनुसार, भोपाल की बेगमों शाहजहां बेगम और सुल्तान जहां बेगम ने इस पेंडेंट को अपनी धार्मिक आस्था और इबादत के उद्देश्य से बनवाया था।
अब्बास ने कहा कि यह पेंडेंट फैशन या दिखावे के लिए नहीं बनाया गया था, बल्कि इसका धार्मिक महत्व है। ऐसे में इसे सामान्य आभूषण की तरह पहनकर प्रदर्शित करना उचित नहीं है।
धार्मिक भावनाएं आहत होने का लगाया आरोप
कांग्रेस नेता के मुताबिक, मुस्लिम समुदाय में कुरान की आयतों का विशेष सम्मान किया जाता है। कई लोग बिना वजू किए कुरान की आयतों को छूने से भी बचते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस्लामिक धर्मगुरु कुरान की आयतों को गहनों के रूप में इस्तेमाल करने के खिलाफ रहे हैं।
अब्बास हफीज का कहना है कि धार्मिक आस्था से जुड़ी ऐतिहासिक वस्तु को इस तरह फैशन के तौर पर इस्तेमाल करने से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने इसी आधार पर करीना कपूर के खिलाफ कानूनी कदम उठाया है।
पोस्ट हटाने और सार्वजनिक माफी की मांग
अब्बास हफीज ने अपने वकील जफर के माध्यम से भोपाल कोर्ट के जरिए करीना कपूर खान को लीगल नोटिस भेजा है। नोटिस में अभिनेत्री से विवादित इंस्टाग्राम पोस्ट हटाने, इस मामले में माफी मांगने और भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने की मांग की गई है।
फिलहाल इस विवाद पर करीना कपूर खान की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, पेंडेंट की ऐतिहासिक पहचान और उसके धार्मिक इस्तेमाल को लेकर किए गए दावे भी अब्बास हफीज के बयान पर आधारित हैं। मामले में अभिनेत्री का पक्ष सामने आने के बाद ही विवाद से जुड़ी स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।