×

छतरपुर में आरक्षक खून से लथपथ हालत में मिला, सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें; जांच में जुटी पुलिस

 

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में सिविल लाइन थाने में पदस्थ एक आरक्षक के गंभीर रूप से घायल मिलने से हड़कंप मच गया। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात छत्रसाल नगर इलाके में आरक्षक आधार सिंह अपनी बाइक पर खून से लथपथ हालत में मिले। उनके सिर और चेहरे से लगातार खून बह रहा था, जबकि उनकी वर्दी भी पूरी तरह खून से सनी हुई थी।

जानकारी के अनुसार, रात के समय स्थानीय लोगों ने छत्रसाल नगर क्षेत्र में एक युवक को घायल अवस्था में देखा। पास जाकर देखने पर पता चला कि वह सिविल लाइन थाने में तैनात आरक्षक आधार सिंह हैं। उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। इसके बाद लोगों ने तुरंत पुलिस और अन्य अधिकारियों को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आरक्षक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उपचार शुरू कर दिया है। फिलहाल आरक्षक की हालत को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आरक्षक सड़क हादसे का शिकार हुए हैं या फिर किसी अन्य वजह से उन पर हमला किया गया। पुलिस घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।

बताया जा रहा है कि आरक्षक अपनी बाइक पर घायल अवस्था में मिले थे। मौके पर बाइक भी मौजूद थी। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय उनके साथ कोई और व्यक्ति था या नहीं।

आरक्षक के घायल मिलने की खबर के बाद पुलिस विभाग में भी चिंता का माहौल है। अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है, जिससे घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके।

फिलहाल घायल आरक्षक का अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह हादसा था या किसी साजिश के तहत वारदात को अंजाम दिया गया।