महंगाई के खिलाफ इंदौर में कांग्रेस का प्रदर्शन, वीडियो में देंखे 24 ब्लॉक में आंदोलन; राजवाड़ा पर शक्कर-पनीर बांटकर जताया विरोध
बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस गुरुवार को मध्य प्रदेशभर में प्रदर्शन कर रही है। इंदौर में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के अलग-अलग इलाकों में आंदोलन किया। राजवाड़ा और मंगल नगर पेट्रोल पंप समेत शहर के 24 ब्लॉक में कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। आंदोलन के दौरान शक्कर की बढ़ती कीमतों के साथ पेट्रोल, गैस और बिजली के बढ़ते दामों को लेकर नाराजगी जताई गई।
कांग्रेस का यह प्रदर्शन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर किया जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई का सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है। पेट्रोल और गैस की कीमतों के साथ रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली खाद्य वस्तुओं के दाम बढ़ने से परिवारों का बजट बिगड़ रहा है।
राजवाड़ा पर शक्कर-पनीर बांटकर अनोखा विरोध
इंदौर के राजवाड़ा इलाके में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शक्कर और पनीर बांटकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने इसे महंगाई के खिलाफ प्रतीकात्मक प्रदर्शन बताया। उनका कहना है कि जिस शक्कर का इस्तेमाल आम परिवार रोजमर्रा की जरूरतों और त्योहारों में करता है, उसकी कीमत बढ़ने से लोगों की मुश्किलें बढ़ रही हैं।कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई पर नियंत्रण करने की मांग की। उनका कहना है कि आने वाले दिनों में त्योहारों का सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतें आम लोगों के घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ डालेंगी।
त्योहारों के बीच बढ़ेगी मुश्किल, कांग्रेस का दावा
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने दावा किया कि शक्कर के दाम में 30 से 35 रुपए प्रति किलो तक की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के बाद लगातार कई बड़े त्योहार आने वाले हैं। इनमें गणेश चतुर्थी, श्राद्ध पक्ष, नवरात्र, दशहरा और दीपावली शामिल हैं।चिंटू चौकसे ने कहा कि त्योहारों के दौरान घरों में मिठाइयों और अन्य पकवानों के लिए शक्कर की खपत बढ़ जाती है। ऐसे में शक्कर की कीमत में हुई बढ़ोतरी का सीधा असर परिवारों के बजट पर पड़ेगा। कांग्रेस ने सरकार से बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
पेट्रोल, गैस और बिजली के दामों पर भी सवाल
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केवल शक्कर की कीमत को लेकर ही विरोध नहीं जताया, बल्कि पेट्रोल और गैस के दामों के साथ बिजली की दरों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। पार्टी का कहना है कि आम लोगों की आय के मुकाबले रोजमर्रा की जरूरतों का खर्च तेजी से बढ़ रहा है।इंदौर में 24 ब्लॉक में चल रहे प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग स्थानों पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पेट्रोल पंप के बाहर किए गए प्रदर्शन में ईंधन की कीमतों को लेकर भी विरोध दर्ज कराया गया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महंगाई का सबसे ज्यादा असर मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों पर पड़ रहा है। आने वाले त्योहारों को देखते हुए यदि जरूरी सामान की कीमतें कम नहीं हुईं तो परिवारों के लिए त्योहार मनाना भी महंगा हो जाएगा। पार्टी ने सरकार से आम जनता को राहत देने और महंगाई पर तत्काल नियंत्रण करने की मांग की है।