शराब की लत छुड़ाने का दावा कर पिलाया पेड़ की जड़ का काढ़ा, 2 की मौत और 5 अस्पताल में भर्ती: दावा था- दोबारा शराब पीने पर होने लगेंगी उल्टियां, पुलिस ने 3 लोगों को हिरासत में लिया
मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में शराब की लत छुड़ाने के नाम पर लोगों को पेड़ की जड़ से बना काढ़ा पिलाने का मामला सामने आया है। दावा किया जा रहा था कि इस काढ़े को पीने के बाद शराब पीने की इच्छा खत्म हो जाती है। अगर कोई व्यक्ति इसके बाद दोबारा शराब पीता है तो उसे उल्टियां होने लगती हैं और धीरे-धीरे उसकी शराब की लत छूट जाती है। इसी उम्मीद में कई लोग जड़ी-बूटी से बना लाल रंग का तरल पदार्थ पीने पहुंचे थे। लेकिन काढ़ा पीने के कुछ देर बाद ही सात लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इनमें से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
घटना बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र के पाटाखेड़ा पंचायत के राजा बैठक ढाना की है। मृतकों की पहचान 34 वर्षीय रामकिशोर झाड़े और 22 वर्षीय संजय उइके के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया है।
दो साल से शराब छुड़ाने का दावा कर पिला रहा था काढ़ा
जानकारी के मुताबिक, ओझा परते नाम का एक व्यक्ति लोगों को जड़ी-बूटी से तैयार काढ़ा पिलाकर शराब की लत छुड़ाने का दावा कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब दो साल से इस तरीके से लोगों का इलाज करने की बात कह रहा था।
उसका दावा था कि एक विशेष पेड़ की जड़ को पानी में भिगोकर तैयार किया गया लाल रंग का घोल पीने से शराब की इच्छा खत्म हो जाती है। अगर व्यक्ति इसके बाद शराब पीने की कोशिश करता है तो उसे उल्टियां होने लगती हैं। दावा किया जाता था कि इस प्रक्रिया से धीरे-धीरे शराब की लत छूट जाती है।इसी बात पर भरोसा करके बुधवार को आठनेर, चिचोली और सारनी क्षेत्र के कुछ लोग काढ़ा पीने पहुंचे थे। वहां लोगों को गिलास में लाल रंग का तरल पदार्थ दिया गया।
काढ़ा पीने के बाद शुरू हुई उल्टियां
अस्पताल में भर्ती मोहन अमरुते ने बताया कि वहां शराब छोड़ने के लिए काफी लोग पहुंचे थे। कुछ लोगों ने एक गिलास काढ़ा पिया, जबकि दो लोगों ने दो-दो गिलास पी लिए थे। इसे पीने के कुछ समय बाद लोगों को उल्टियां होने लगीं और उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।देखते ही देखते सात लोगों की हालत खराब हो गई। सभी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें रामकिशोर और संजय की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोगों को भर्ती करना पड़ा। बीमार हुए लोगों में रामदास, सहदेव, मोहन, राकेश और विजय शामिल हैं।
पुलिस ने जड़ का चूरा और लाल तरल जब्त किया
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे के मुताबिक, ओझा परते, शरद कवड़े और रमेश उइके के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।पुलिस ने मौके से पेड़ की जड़ का चूरा और लाल रंग का तैयार घोल जब्त किया है। दोनों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि काढ़ा किस पेड़ की जड़ से बनाया गया था और उसमें कौन से रासायनिक तत्व मौजूद थे।
जांच रिपोर्ट से पता चलेगा मौत का कारण
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा ने काढ़े में जहरीले पदार्थ की आशंका जताई है। हालांकि, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और काढ़े की प्रयोगशाला जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी।इस घटना ने शराब की लत छुड़ाने के नाम पर किए जा रहे ऐसे दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिना चिकित्सकीय जांच और प्रमाण के किसी जड़ी-बूटी या काढ़े को दवा मानकर पीना जानलेवा हो सकता है। शराब की लत से छुटकारा पाने के लिए चिकित्सकीय सलाह और विशेषज्ञों की मदद लेना जरूरी है।