☰
×

दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट से पहले बम धमाकों की धमकियां, वीडियो में जाने अब महापौर सचिवालय को उड़ाने की चेतावनी; साइबर टीम जांच में जुटी

 

पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ का 15 नवंबर को इंदौर में लाइव कॉन्सर्ट होना है। इससे पहले शहर में बम धमाकों की धमकियां मिलने का सिलसिला जारी है। अब महापौर पुष्यमित्र भार्गव के सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई है। इससे पहले शहर के तीन निजी स्कूलों और महापौर कार्यालय को भी धमकी मिल चुकी है।

लगातार मिल रही धमकियों के बाद पुलिस और साइबर टीम मामले की जांच में जुटी हैं। महापौर सचिवालय की ओर से तीसरी धमकी मिलने के बाद क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी भरे ई-मेल कहां से भेजे गए और इनके पीछे कौन लोग हैं।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/TDMeDiCx7XA?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/TDMeDiCx7XA/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

देवास के युवक की हैक ई-मेल आईडी से भेजी गई थी पहली धमकी

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पहली धमकी देवास के एक युवक की हैक की गई ई-मेल आईडी से भेजी गई थी। जांच के दौरान इस खाते के लॉगिन में अमेरिका के एक संदिग्ध इंटरनेट प्रोटोकॉल (आईपी) पते और वीपीएन का इस्तेमाल होने की जानकारी मिली है।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने गुरुवार को बताया कि धमकी भरे ई-मेल भेजने के लिए देवास के जिस व्यक्ति की ई-मेल आईडी का इस्तेमाल किया गया, उसका नाम निखिल गुप्ता है। निखिल एक निजी कंपनी में काम करते हैं।

मार्च-अप्रैल में हैक हुआ था ई-मेल अकाउंट

पुलिस जांच में पता चला है कि निखिल गुप्ता का ई-मेल अकाउंट इसी साल मार्च-अप्रैल में हैक हो गया था। वह काफी समय से अपना अकाउंट दोबारा हासिल करने की कोशिश कर रहे थे। ऐसे में पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हैकर ने उनकी ई-मेल आईडी का इस्तेमाल किस तरह किया और धमकी भेजने में किसी अन्य व्यक्ति या समूह की भूमिका तो नहीं है।

धमकियों के पीछे नेटवर्क की भी जांच

महापौर सचिवालय को धमकी मिलने के बाद साइबर टीम ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि शहर के स्कूलों, महापौर कार्यालय और सचिवालय को मिली धमकियों के बीच कोई संबंध है या नहीं। इसके पीछे किसी संगठित नेटवर्क के काम करने की आशंका को ध्यान में रखकर भी जांच की जा रही है।

दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को होने वाले कॉन्सर्ट से पहले लगातार मिल रही धमकियों ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, इन धमकियों के पीछे कौन है और उनका कॉन्सर्ट से कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।