उज्जैन में करणी सेना के दो गुटों में खूनी संघर्ष, 12 से 15 हथियारबंद लोगों ने ढाबे पर बोला हमला; दो की मौत
मध्य प्रदेश के उज्जैन में बुधवार देर रात करणी सेना से जुड़े बताए जा रहे दो गुटों के बीच विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। कानीपुरा स्थित लक्की दरबार ढाबे पर रात करीब 2 बजे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद 12 से 15 हथियारबंद लोग पहुंचे और दूसरे गुट पर हमला कर दिया। तलवार, डंडे और धारदार हथियारों से किए गए हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक करणी सेना की ओर से दोनों पक्षों के संगठन से जुड़े होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।
पहले से चल रहा था विवाद
पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच संगठन में पद और वर्चस्व को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। बुधवार रात दोनों गुटों के लोग समझौते के लिए लक्की दरबार ढाबे पर पहुंचे थे। यहां बातचीत के दौरान शक्ति सिंह और राहुल दरबार के बीच फिर कहासुनी हो गई। शुरुआत में वहां मौजूद लोगों ने दोनों को समझाकर मामला शांत करा दिया।
आरोप है कि इसके बाद एक पक्ष ने अपने साथियों को फोन कर ढाबे पर बुला लिया। कुछ ही देर में 12 से 15 लोग हथियारों के साथ वहां पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने दूसरे पक्ष के लोगों पर हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले से ढाबे पर अफरा-तफरी मच गई। हमलावरों ने वहां खड़ी गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की। करीब 15 वाहनों को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है।
हमले में दो लोगों की मौत
हमले में नीमनवासा निवासी 42 वर्षीय राहुल दरबार उर्फ विजय प्रताप गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। वहीं उनके साथी उंडासा निवासी 35 वर्षीय जितेंद्र पवार का शव ढाबे के पास झाड़ियों से बरामद हुआ।
हादसे में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों के बयान पुलिस ने दर्ज किए हैं, जिनके आधार पर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही चिमनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वहां से साक्ष्य जुटाए हैं। अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमले में शामिल लोगों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। फिलहाल वारदात के पीछे संगठन में पद को लेकर विवाद और पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना के बाद अस्पताल में भी बड़ी संख्या में लोग जुट गए। दो लोगों की मौत के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।