भोपाल-रामगंज मंडी नई रेलवे लाइन परियोजना का रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा निरीक्षण, ट्रायल रन से की गई तकनीकी जांच
मध्यप्रदेश में भोपाल-रामगंज मंडी नई रेलवे लाइन परियोजना के तहत जरखेड़ा से शामपुर के बीच नव निर्मित रेलखंड का निरीक्षण रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) मनोज अरोरा द्वारा किया गया। इस दौरान, उन्होंने 125 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रायल रन कर इस रेलखंड की संरचनात्मक और तकनीकी मजबूती का मूल्यांकन किया।
यह रेलखंड करीब 11 किलोमीटर लंबा है और इसका प्रारंभिक निरीक्षण मोटर ट्राली के माध्यम से किया गया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन यार्ड, ट्रैक, सिग्नलिंग प्रणाली और अन्य तकनीकी पहलुओं का गहन रूप से अध्ययन किया गया। सीआरएस मनोज अरोरा ने यह सुनिश्चित किया कि रेल मार्ग की संरचना पूरी तरह से सुरक्षा मानकों पर खरी उतरती है।
सीआरएस के साथ इस निरीक्षण में परियोजना के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे, जिनमें अपर मंडल रेल प्रबंधक भोपाल योगेन्द्र बघेल, मुख्य परियोजना प्रबंधक विजय पाण्डेय, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) एमएस हाशमी और उप मुख्य अभियंता (निर्माण) मो. वसीम शामिल थे।
इस परियोजना के सफलतापूर्वक पूरा होने से क्षेत्र में रेल यातायात की सुविधा में वृद्धि होगी और यात्रियों को सुरक्षित व तेज यात्रा का अनुभव होगा। परियोजना के अधिकारियों ने भरोसा जताया कि रेल संरक्षा आयुक्त के निरीक्षण के बाद सभी तकनीकी पहलुओं पर संतोषजनक रिपोर्ट प्राप्त होगी, जिससे इस रेलखंड का संचालन शीघ्र शुरू किया जा सकेगा।