महाकाल मंदिर में तड़के हुई भस्म आरती, पंचामृत अभिषेक से सजे बाबा महाकाल
Aug 8, 2026, 09:02 IST
विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शनिवार तड़के परंपरानुसार भस्म आरती संपन्न हुई। सुबह 4 बजे मंदिर के पट खुलते ही पंडे-पुजारियों ने विधि-विधान से गर्भगृह में विराजित सभी देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का पूजन किया।
इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया गया। दूध, दही, घी, शकर और फलों के रस से तैयार पंचामृत से बाबा महाकाल का अभिषेक कर विशेष पूजन-अर्चन किया गया। धार्मिक परंपराओं के अनुसार भस्म आरती के दौरान भगवान महाकाल का दिव्य श्रृंगार किया गया और श्रद्धालुओं ने इस अलौकिक दर्शन का लाभ लिया।
भस्म आरती के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते हैं। मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की आस्था और उत्साह का माहौल रहा। सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था को लेकर मंदिर प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए।