×

खंडवा में वन विभाग की टीम पर हमला: अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव, 5 वनरक्षक घायल; 9 नामजद समेत कई पर केस

 

मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के आमाखुजारी जंगल में अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम पर रविवार दोपहर अतिक्रमणकारियों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने गोफन (गुलेल) और पत्थरों से वनकर्मियों को निशाना बनाया, जिसमें पांच वनरक्षक घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम जंगल क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने विरोध करते हुए अचानक पथराव शुरू कर दिया। हमले में कई वनरक्षकों को चोटें आईं, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

गोफन और पत्थरों से किया हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने गोफन और पत्थरों का इस्तेमाल कर वन विभाग के कर्मचारियों पर हमला किया। घायल वनरक्षकों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

9 नामजद और कई अज्ञात आरोपियों पर मामला दर्ज

घटना के बाद पुलिस ने 9 नामजद आरोपियों सहित कई अज्ञात लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, हमला और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

जांच जारी, आरोपियों की तलाश तेज

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।