☰
×

बेटी को जमीन देने से नाराज बेटे ने 80 साल के पिता को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, हत्या के आरोप में गिरफ्तार

 

मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में संपत्ति के लालच में एक बेटे ने अपने 80 वर्षीय पिता की कथित तौर पर पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। पिता ने अपनी बेटी को रहने के लिए जमीन दी थी। इसी बात से नाराज छोटा बेटा अनिल खोबरागड़े उनसे रंजिश रखने लगा था। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला लांजी थाना क्षेत्र के सोगलपुर गांव का है। मृतक की पहचान डूडेश्वर पिता टीकाराम खोबरागड़े के रूप में हुई है। 14 नवंबर को घर के एक कमरे में उनका अधजला शव मिला था। शुरुआत में उनकी मौत को संदिग्ध माना गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस को हत्या के सबूत मिले।

बेटी को जमीन देने से नाराज था बेटा

पुलिस के मुताबिक, डूडेश्वर ने अपनी बड़ी बेटी अनुसुईया वाघमारे को घर के पास जमीन दी थी। पति से विवाद के बाद बेटी मायके आ गई थी और उसी जमीन पर मकान बनाकर रहने लगी थी। पिता के इस फैसले से छोटा बेटा अनिल नाराज था। उसे लगता था कि बहन को जमीन देने से संपत्ति में उसका हिस्सा कम हो जाएगा।

अनिल अपने पिता से बातचीत भी नहीं करता था। वह पत्नी और बहन को पिता के पास खाना लेकर जाने से रोकता था। इस बात को लेकर परिवार में कई बार विवाद भी हुआ। पुलिस के अनुसार, आरोपी की नजर पिता की पेंशन और सरकारी योजनाओं के लाभ पर भी थी।

पेट्रोल डालकर लगाई आग, कमरे का दरवाजा किया बंद

पुलिस जांच में सामने आया कि 13 नवंबर की रात पिता को खाना देने के विवाद के बाद अनिल ने उनकी हत्या की योजना बनाई। इसके बाद उसने पिता के कमरे में जाकर उन पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद उसने कमरे का दरवाजा बंद कर दिया, जिससे बुजुर्ग बाहर नहीं निकल सके।

अगली सुबह जब आरोपी ने अपनी बहन को पिता को खाना देने के लिए कमरे की तरफ जाते देखा तो वह बाइक से वहां से फरार हो गया। बाद में परिजनों को बुजुर्ग का जला हुआ शव मिला।

लांजी पुलिस ने परिजनों के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर अनिल को गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने पिता को जलाने की बात स्वीकार की है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।