एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट 3 घंटे से ज्यादा लेट, फुटेज में देंखे इंदौर में इंजन स्विच खराब; AC बंद होने से यात्री परेशान
दिल्ली से इंदौर आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX1090 बुधवार को तीन घंटे से ज्यादा समय तक लेट रही। फ्लाइट को दोपहर 1 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरनी थी। हालांकि, निर्धारित समय पर विमान रवाना नहीं हो सका। बाद में उड़ान का समय बदलकर दोपहर 3 बजे किया गया, लेकिन इसके बाद भी यात्रियों को विमान के उड़ान भरने के लिए इंतजार करना पड़ा। फ्लाइट में देरी की वजह को लेकर इंदौर एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से तत्काल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। लंबे इंतजार के कारण यात्रियों की परेशानी बढ़ती गई। विमान में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के भी सवार होने की जानकारी सामने आई है।
इंदौर पहुंचने के बाद भी यात्रियों को करना पड़ा इंतजार
जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट ने देरी से उड़ान भरने के बाद शाम करीब 5:15 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर लैंडिंग की। लेकिन इंदौर पहुंचने के बाद भी यात्रियों की परेशानी खत्म नहीं हुई। विमान के इंजन को बंद करने वाला स्विच काम नहीं कर रहा था। इसके चलते विमान के अंदर मौजूद यात्रियों को बाहर निकलने के लिए करीब 30 मिनट तक इंतजार करना पड़ा।करीब आधे घंटे बाद स्विच ने काम करना शुरू किया, जिसके बाद यात्रियों को विमान से बाहर निकलने की अनुमति मिली। इस दौरान यात्रियों को विमान के अंदर ही इंतजार करना पड़ा।
फ्लाइट का AC भी नहीं कर रहा था काम
देरी के बीच यात्रियों की मुश्किल उस समय और बढ़ गई, जब विमान का एयर कंडीशनिंग सिस्टम भी काम नहीं कर रहा था। गर्मी और उमस के बीच यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। विमान के अंदर बैठे यात्रियों को पैंफलेट्स और अन्य कागजों से हवा करनी पड़ी।यात्रियों का कहना है कि पहले दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ान के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा और इसके बाद विमान के अंदर भी असुविधा का सामना करना पड़ा। खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों के लिए गर्म और उमस भरे माहौल में बैठना मुश्किल रहा।
यात्रियों ने जताई नाराजगी
फ्लाइट में देरी और विमान के AC के काम नहीं करने को लेकर यात्रियों ने नाराजगी जताई। उनका कहना था कि लंबे समय तक इंतजार के बावजूद उन्हें उड़ान की स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही थी। इसके बाद विमान में तकनीकी समस्या आने से परेशानी और बढ़ गई।यात्रियों ने एयरलाइन से देरी और तकनीकी खराबी को लेकर जवाब मांगा है। हालांकि, फ्लाइट में देरी की शुरुआती वजह और AC में आई खराबी को लेकर एयर इंडिया एक्सप्रेस की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
लगातार देरी और तकनीकी समस्याओं के चलते यात्रियों को कई घंटे तक परेशानी झेलनी पड़ी। अब यात्रियों की मांग है कि एयरलाइन इस घटना की वजह स्पष्ट करे और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करे।