☰
×

सतना में डेंगू से युवक की मौत के बाद पत्नी और भाई भी संक्रमित, गर्भवती प्रियंका की ELISA रिपोर्ट पॉजिटिव

 

मध्य प्रदेश के सतना में डेंगू संक्रमण से एक युवक की मौत के बाद उसके परिवार पर बीमारी का खतरा मंडरा रहा है। 30 वर्षीय राजेश कोरी की मौत के बाद उसकी पत्नी प्रियंका कोरी (25) और छोटे भाई अजय कोरी (18) की एलाइजा जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। प्रियंका सात महीने की गर्भवती हैं। स्वास्थ्य विभाग ने दोनों को अस्पताल में भर्ती होकर उपचार कराने की सलाह दी है।

जानकारी के अनुसार, राजेश का परिवार पहले पुणे में रहता था। तबीयत बिगड़ने के बाद परिवार के सदस्य सतना लौटे थे। यहां जांच कराने पर राजेश और उनकी पत्नी में डेंगू संक्रमण की पुष्टि हुई थी। उपचार के दौरान राजेश की हालत लगातार बिगड़ती गई और 1 नवंबर को उनकी मौत हो गई। उन्हें बेहतर इलाज के लिए रीवा ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

परिवार के 10 सदस्यों के लिए गए थे सैंपल

राजेश की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण की स्थिति जानने के लिए रिवार के 10 सदस्यों के रक्त के नमूने जांच के लिए भेजे थे। इनमें प्रियंका और अजय की एलाइजा रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों को अस्पताल में भर्ती होकर इलाज कराने की सलाह दी गई है।प्रियंका की गर्भावस्था को देखते हुए उनके उपचार में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। स्वास्थ्य विभाग ने विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में इलाज कराने की सलाह दी है।

पिछले दो दिनों में मिले डेंगू के पांच मरीज

सतना जिले में पिछले दो दिनों के दौरान डेंगू के पांच नए मरीज सामने आए हैं। इनमें एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं। इसके अलावा रामनगर और बगहा क्षेत्र में भी डेंगू के मरीज मिले हैं। मलेरिया विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, जिले में पिछले एक महीने के दौरान डेंगू के 10 मरीजों की पुष्टि हुई है।

निजी अस्पतालों और लैब को जारी किए नोटिस

राजेश और उनकी पत्नी की जांच करने वाली निजी पैथोलॉजी लैब की ओर से स्वास्थ्य विभाग को समय पर जानकारी नहीं देने का मामला भी सामने आया है। विभाग के मुताबिक, डेंगू पॉजिटिव मरीजों की जानकारी तत्काल आईएचआईपी पोर्टल पर दर्ज करना जरूरी है।इस मामले में सीएमएचओ डॉ. मनोज शुक्ला ने निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम और पैथोलॉजी सेंटरों को नोटिस जारी किए हैं। विभाग ने निर्देश दिए हैं कि डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के मरीजों की रिपोर्ट तत्काल पोर्टल पर दर्ज की जाए। जानकारी देने में लापरवाही बरतने वाले संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

डेंगू से बचाव के लिए सर्वे और छिड़काव

युवक की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसके घर और आसपास के इलाके में जांच की। मच्छरों के लार्वा की तलाश के साथ एहतियातन दवा का छिड़काव भी कराया गया। विभाग ने लोगों से घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।परिवार में एक सदस्य की मौत और दो अन्य के संक्रमित मिलने से इलाके में चिंता बढ़ गई है। खासतौर पर सात महीने की गर्भवती प्रियंका के स्वास्थ्य को लेकर परिवार और स्वास्थ्य विभाग सतर्क हैं।