उमरिया में खरीफ सीजन के लिए प्रशासन की सख्ती, खाद की कालाबाजारी रोकने विशेष अभियान शुरू
खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण खाद उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष पहल शुरू की है। साथ ही उर्वरकों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और नकली खाद की बिक्री पर रोक लगाने के लिए सख्त निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।
उमरिया जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद की कालाबाजारी, अवैध स्टॉकिंग, नकली या मिलावटी उर्वरकों की बिक्री और यूरिया के अवैध औद्योगिक उपयोग जैसे मामलों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य किसानों को उचित दर पर और समय पर खाद उपलब्ध कराना है, ताकि खरीफ फसलों की बुवाई प्रभावित न हो। इसके लिए खाद वितरण केंद्रों और निजी विक्रेताओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
जिला प्रशासन उमरिया ने बताया कि निरीक्षण दल गठित किए गए हैं, जो नियमित रूप से दुकानों और गोदामों की जांच कर रहे हैं। संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने यह भी चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लाइसेंस निरस्तीकरण के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। साथ ही किसानों को भी अपील की गई है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद खरीदें और किसी भी अनियमितता की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
फिलहाल प्रशासन की इस पहल से उम्मीद की जा रही है कि खरीफ सीजन में खाद की उपलब्धता सुचारू रहेगी और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।