☰
×

इंदौर पुलिस पर पैसे मांगने का आरोप, एक्टर ने बनाया वीडियो; फुटेज में जानें वेब सीरीज की शूटिंग रोककर मुंबई लौटी टीम

 

इंदौर में वेब सीरीज की शूटिंग के दौरान पुलिस पर पैसे मांगने का आरोप लगा है। एक्टर ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर नाराजगी जताई और वीडियो पर ‘शेम ऑन इंदौर पुलिस’ लिखा। एक्टर का दावा है कि शूटिंग की अनुमति दिखाने के बावजूद पुलिसकर्मियों ने उनसे पैसे मांगे। घटना के बाद प्रोडक्शन टीम ने शूटिंग बंद कर दी और मुंबई लौट गई।

इस मामले में निर्माता-निर्देशक कपिल खड़िवाला ने कनाड़िया थाना पुलिस पर शूटिंग में बार-बार बाधा डालने और अप्रत्यक्ष रूप से पैसों की मांग करने का आरोप लगाया है। उनके मुताबिक, टीम ने शूटिंग के लिए जरूरी अनुमति ली थी और इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने काम में हस्तक्षेप किया।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/sy4fAFtIwQc?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/sy4fAFtIwQc/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

ईशा तलवार और रजनीश दुग्गल भी हैं सीरीज का हिस्सा

बताया जा रहा है कि इस वेब सीरीज में अभिनेत्री ईशा तलवार और अभिनेता रजनीश दुग्गल सहित कई कलाकार काम कर रहे हैं। शुरुआत में इसकी शूटिंग दिल्ली में करने की योजना थी, लेकिन कपिल खड़िवाला के सुझाव पर इंदौर को लोकेशन चुना गया। इसके बाद प्रोडक्शन टीम इंदौर पहुंची और कनाड़िया थाना क्षेत्र में शूटिंग शुरू की।

निर्माता का आरोप है कि शूटिंग के दौरान टीम को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ा। पुलिस के रवैये से नाराज होकर उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा किया और अपनी शिकायत सार्वजनिक की। उनका कहना है कि ऐसी परिस्थितियों में फिल्म निर्माताओं के लिए किसी शहर में शूटिंग करना मुश्किल हो जाता है।

पुलिस ने बताई अलग वजह

दूसरी ओर, कनाड़िया पुलिस का कहना है कि शूटिंग की अनुमति रात 11 बजे तक दी गई थी, लेकिन टीम रात करीब 12:30 बजे तक शूटिंग कर रही थी। पुलिस के अनुसार, तय समय से अधिक शूटिंग होने के कारण हस्तक्षेप किया गया और काम रुकवाया गया।

पुलिस ने निर्माता कपिल खड़िवाला को नोटिस जारी कर 27 नवंबर को अपना पक्ष रखने के लिए उपस्थित होने को कहा है। उनसे आरोपों के संबंध में जानकारी और साक्ष्य मांगे गए हैं।

शूटिंग रोककर मुंबई लौटी टीम

विवाद के चलते वेब सीरीज की शूटिंग प्रभावित हुई। आखिरकार प्रोडक्शन टीम ने इंदौर में काम रोकने और मुंबई लौटने का फैसला किया। अब आगे की शूटिंग के लिए दूसरी लोकेशन पर विचार किया जा सकता है।

फिलहाल निर्माता के पैसों की मांग और परेशान किए जाने के आरोपों की जांच होना बाकी है। वहीं पुलिस का कहना है कि कार्रवाई निर्धारित समय से अधिक शूटिंग किए जाने के कारण हुई। दोनों पक्षों के दावों के बीच अब 27 नवंबर को निर्माता के बयान के बाद मामले में स्थिति और स्पष्ट हो सकती है।