×

बुटाटी धाम मंदिर में ACB का जनजागृति अभियान, एडिशनल एसपी ने लोगों को रिश्वतखोरी के खिलाफ किया जागरूक

 

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की ओर से बुटाटी धाम मंदिर परिसर में जनजागृति अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य आमजन को भ्रष्टाचार और रिश्वखोरी के खिलाफ जागरूक करना और लोगों को अपने अधिकारों के प्रति सजग करना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और आमजन को भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने का संदेश दिया गया।इस दौरान ACB की एडिशनल एसपी कल्पना सोलंकी ने लोगों से बातचीत कर रिश्वतखोरी के खिलाफ जागरूक किया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार को खत्म करने में आमजन की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। यदि कोई सरकारी कर्मचारी या अधिकारी किसी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी जानकारी भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दी जानी चाहिए।

रिश्वत देने के बजाय शिकायत करें

अभियान के दौरान लोगों को समझाया गया कि किसी सरकारी काम को करवाने के लिए रिश्वत देना समाधान नहीं है। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो नागरिकों को डरने की जरूरत नहीं है।ACB अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि रिश्वत मांगने की स्थिति में संबंधित विभाग को इसकी सूचना दें और भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई में सहयोग करें। लोगों को यह भी बताया गया कि भ्रष्टाचार के मामलों की जानकारी समय पर मिलने से कार्रवाई करना आसान होता है।

मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को किया जागरूक

बुटाटी धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए जनजागृति अभियान के लिए मंदिर परिसर को चुना गया। ACB अधिकारियों ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से संवाद कर भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता फैलाने का प्रयास किया।एडिशनल एसपी कल्पना सोलंकी ने कहा कि भ्रष्टाचार केवल सरकारी व्यवस्था को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि आम नागरिकों के अधिकारों और विकास कार्यों को भी प्रभावित करता है। इसे समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जिम्मेदारी निभानी होगी।

भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होने की अपील

कार्यक्रम के दौरान आमजन से भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था बनाने में सहयोग करने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि रिश्वतखोरी को बढ़ावा देने के बजाय उसका विरोध किया जाना चाहिए।ACB की ओर से चलाए गए इस अभियान के जरिए लोगों को भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें अपनी आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूक रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।