उज्जैन के खड़े हनुमान मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, वीडियो में जाने 4 दिन में 8 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन; सोशल मीडिया पर वायरल हो रही प्रतिमा की कहानी
मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित सती गेट के पास बने खड़े हनुमान मंदिर में इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। बीते चार दिनों में करीब 8 हजार से ज्यादा भक्त यहां दर्शन करने पहुंच चुके हैं। खास बात यह है कि इनमें सिर्फ मध्य प्रदेश के लोग ही नहीं, बल्कि गुजरात, महाराष्ट्र और राजस्थान से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।दरअसल, सोशल मीडिया पर खड़े हनुमान मंदिर को हटाने से जुड़े वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। इसके साथ ही प्रतिमा के नहीं हटने और उससे जुड़ी चमत्कारिक कहानियां भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार शेयर की जा रही हैं। इन वीडियो और चर्चाओं के बाद मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या अचानक बढ़ गई है।
मंदिर के आसपास तोड़ा गया अधिकांश हिस्सा
प्रशासन की ओर से मंदिर और प्रतिमा को लेकर विशेष सावधानी बरती जा रही है। करीब एक सप्ताह से मंदिर के आसपास का ज्यादातर हिस्सा तोड़ा जा चुका है, लेकिन खड़े हनुमानजी की प्रतिमा को फिलहाल टेंट लगाकर सुरक्षित रखा गया है।भीड़ बढ़ने के बाद मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। श्रद्धालुओं की लंबी कतारों को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की गई है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
IIT इंदौर की टीम ने की जांच
प्रतिमा को हटाए जाने को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच IIT इंदौर की टीम सोमवार को खड़े हनुमान मंदिर पहुंची थी। टीम ने मंदिर परिसर में जांच कर स्थिति का जायजा लिया। अब टीम गुरुवार को एक बार फिर मंदिर पहुंचकर जांच करेगी।प्रशासन की कोशिश है कि प्रतिमा और मंदिर से जुड़े हर पहलू की तकनीकी जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाए।
स्थानीय लोगों ने कहा- पहले कभी नहीं देखी इतनी भीड़
सती गेट के आसपास रहने वाले स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई वर्षों में उन्होंने खड़े हनुमान मंदिर में इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को नहीं देखा। अब दूर-दराज से लोग यहां पहुंच रहे हैं और घंटों कतार में लगकर दर्शन कर रहे हैं।प्रतिमा को विस्थापित किए जाने की चर्चाओं के बीच श्रद्धालुओं में इसे लेकर खास उत्सुकता देखने को मिल रही है।
इंस्टाग्राम रील देखकर नासिक से पहुंचे श्रद्धालु
नासिक से दर्शन करने पहुंचे अनिल ने बताया कि उन्होंने इंस्टाग्राम पर खड़े हनुमान मंदिर की रील देखी थी। इसके बाद उन्होंने उज्जैन आने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि वह यहां दर्शन करने के साथ-साथ मंदिर की रील बनाकर अपने साथ ले जाना चाहते हैं।सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट और वीडियो ने खड़े हनुमान मंदिर को लेकर लोगों की आस्था और उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। अब प्रशासन और IIT टीम की जांच के बाद ही तय होगा कि प्रतिमा को लेकर आगे क्या कदम उठाया जाएगा।