पिपलियामंडी मंडी में 32 नए कैश काउंटरों का लोकार्पण, किसानों-व्यापारियों को मिलेगी बेहतर सुविधा
मंदसौर जिले की पिपलियामंडी कृषि उपज मंडी में रविवार को किसानों और व्यापारियों की सुविधा के लिए बनाए गए 32 नए कैश काउंटर (सैंड्री शॉप) का लोकार्पण किया गया। इन काउंटरों का निर्माण 1 करोड़ 77 लाख रुपये की लागत से कराया गया है।
नवनिर्मित कैश काउंटरों का उद्घाटन मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और सांसद सुधीर गुप्ता ने किया। इस दौरान जनप्रतिनिधि, मंडी अधिकारी, व्यापारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
किसानों और व्यापारियों को मिलेगी बेहतर सुविधा
नए कैश काउंटर शुरू होने से मंडी में भुगतान और अन्य आवश्यक कार्य अधिक व्यवस्थित और सुगम तरीके से हो सकेंगे। इससे किसानों और व्यापारियों को पहले की तुलना में बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और मंडी की कार्यप्रणाली भी अधिक प्रभावी बनेगी।
मंडी के बुनियादी ढांचे को मिलेगा मजबूती
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि कृषि उपज मंडी में लगातार आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि किसानों और व्यापारियों को बेहतर वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए कैश काउंटरों के संचालन से मंडी में लेनदेन की प्रक्रिया और अधिक सुचारु होगी।