बेटी के लव रिलेशन का विरोध बना मौत की वजह? वीडियो में जाने माता-पिता और बहन की चाकू मारकर हत्या
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शहर के केआर पुरम इलाके स्थित एक अपार्टमेंट में एक ही परिवार के तीन लोगों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान 52 वर्षीय सोमसुंदर, उनकी 48 वर्षीय पत्नी मुथुलक्ष्मी और 19 वर्षीय बेटी सुप्रिया के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
फ्लैट में मिले तीनों के खून से लथपथ शव
जानकारी के मुताबिक, सोमसुंदर, मुथुलक्ष्मी और उनकी छोटी बेटी सुप्रिया सोमवार शाम उस फ्लैट पर पहुंचे थे, जहां उनकी बड़ी बेटी श्वेता अपने बॉयफ्रेंड केनेथ के साथ रह रही थी। कुछ समय बाद अपार्टमेंट से तीनों के खून से लथपथ शव बरामद हुए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
बड़ी बेटी और उसके बॉयफ्रेंड पर शक
पुलिस को शुरुआती जांच में बड़ी बेटी श्वेता और उसके बॉयफ्रेंड केनेथ पर हत्या का शक है। अधिकारियों के अनुसार, श्वेता पिछले करीब दो महीने से अपने परिवार से अलग होकर बॉयफ्रेंड के साथ रह रही थी। परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था।
मुलाकात के दौरान हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, परिवार बेटी से मिलने और बातचीत करने के लिए फ्लैट पर पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। जांचकर्ताओं का मानना है कि विवाद इतना बढ़ गया कि श्वेता और उसके बॉयफ्रेंड ने कथित तौर पर सोमसुंदर, मुथुलक्ष्मी और सुप्रिया पर चाकू से कई वार कर दिए। हमले में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस जुटी जांच में
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की सटीक वजह और घटनाक्रम का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। संदिग्धों की भूमिका को लेकर भी पूछताछ और साक्ष्य जुटाने का काम जारी है।
इलाके में सनसनी
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या की इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोग भी इस वारदात से स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़ी और जानकारी सामने आ सकेगी।