×

मैसूर के रेस्टो-पब में भीषण आग, फुटेज में देंखे 2 लोगों की मौत; 5 घायल, शॉर्ट सर्किट से हादसे की आशंका

 

कर्नाटक के मैसूर में सोमवार को एक रेस्टो-पब में भीषण आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसे के समय पब में 25 से अधिक लोग मौजूद थे। आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने जान बचाने के लिए बाहर निकलने की कोशिश की। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।जानकारी के अनुसार, यह हादसा मैसूर के दत्तगल्ली इलाके में नेताजी सर्कल के पास स्थित फॉक्स डेन लिकर गैराज बार एंड रेस्टोरेंट में हुआ। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। आग तेजी से पूरे परिसर में फैल गई, जिससे अंदर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/3gZNwB_fUfI?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/3gZNwB_fUfI/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

हादसे में दार्जिलिंग निवासी 26 वर्षीय शाहीन और नेपाल के रहने वाले 24 वर्षीय प्रकाश की मौत हो गई। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। इस घटना से उनके परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है।वहीं हादसे में घायल हुए लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है। घायलों में ग्राहक सोनू, रमेश, महादेव प्रसाद, प्रज्वल, अविनाश और पब के मालिक प्रीतम पुमीत शामिल हैं। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य की स्थिति स्थिर है।

दमकल कर्मियों ने समय रहते कार्रवाई करते हुए सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बचाव अभियान के दौरान कई लोगों को धुएं और आग की लपटों के बीच से निकालना पड़ा। अधिकारियों का कहना है कि यदि राहत कार्य में थोड़ी भी देरी होती तो हताहतों की संख्या बढ़ सकती थी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया था। पब के अंदर मौजूद लोगों ने खिड़कियों और अन्य रास्तों से बाहर निकलने की कोशिश की। कुछ लोगों ने आसपास के लोगों की मदद से अपनी जान बचाई।

पुलिस और अग्निशमन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आग वास्तव में शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि पब में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।इस हादसे ने एक बार फिर सार्वजनिक स्थलों पर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं और दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं, जबकि राहत और बचाव कार्य पूरा होने के बाद आग लगने के कारणों का विस्तृत आकलन किया जाएगा।