बेंगलुरु के डे-केयर सेंटर में मासूम से क्रूरता, वायरल वीडियो में टॉयलेट में बंद कर रुलाया, पुलिस ने 5 केयरगिवर्स पर दर्ज किया केस
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से बच्चों की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। आईटी कंपनी Capgemini के एचएएल कैंपस में संचालित एक डे-केयर सेंटर में 2 से 3 साल के मासूम बच्चे के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो में डे-केयर सेंटर का महिला स्टाफ बच्चे के साथ कथित तौर पर बदसलूकी करता नजर आ रहा है। एक वीडियो में मासूम बच्चे को टॉयलेट के अंदर बंद दिखाया गया है। बच्चा फर्श पर लेटकर जोर-जोर से रो रहा है, जबकि एक महिला उसके रोने का वीडियो रिकॉर्ड करती दिखाई दे रही है। एक अन्य वीडियो में महिला कर्मचारी बच्चे को टॉयलेट सीट पर बैठाकर उसके चेहरे पर जेट स्प्रे से पानी डालती नजर आती है। वहीं, एक और वीडियो में बच्चे को फ्रंट-लोड वॉशिंग मशीन के ड्रम के अंदर बैठाकर डराया जा रहा है। वीडियो में बच्चा लगातार रोता और घबराया हुआ दिखाई देता है।
बताया जा रहा है कि ये वीडियो 29 जून को सोशल मीडिया पर वायरल हुए। वीडियो की सत्यता और डे-केयर सेंटर की पहचान की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।पुलिस ने इस मामले में डे-केयर सेंटर की पांच महिला केयरगिवर्स के खिलाफ केस दर्ज किया है। फिलहाल जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस तरह की कथित प्रताड़ना का शिकार केवल एक बच्चा हुआ या अन्य बच्चों के साथ भी ऐसा व्यवहार किया गया था।
घटना सामने आने के बाद अभिभावकों में नाराजगी और चिंता का माहौल है। बच्चों की सुरक्षा और डे-केयर सेंटरों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो, संबंधित कर्मचारियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।