धारवाड़ में डॉक्टर की हत्या से सनसनी, 8 साल के बेटे पर भी चाकू से हमला; फुटेज में देंखे पत्नी से पुलिस कर रही पूछताछ
कर्नाटक के धारवाड़ में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां 45 वर्षीय एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉक्टर किरण होन्नावर की उनके फ्लैट में हत्या कर दी गई। इस हमले में उनके 8 साल के बेटे को भी चाकू मारा गया, जिसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।मामले से जुड़े कुछ वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। वीडियो में डॉक्टर किरण और उनका बेटा फर्श पर खून से लथपथ हालत में दिखाई दे रहे हैं। वहीं, डॉक्टर किरण की पत्नी डॉ. प्रियंका कमरे में बिस्तर पर बैठकर मोबाइल फोन चलाती नजर आ रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने प्रियंका को पूछताछ के लिए अपने साथ लिया है।
परिजनों के फोन नहीं उठाने पर हुआ खुलासा
पुलिस के अनुसार, वारदात का खुलासा तब हुआ जब डॉक्टर किरण के परिजन पूरे दिन उनसे संपर्क करने की कोशिश करते रहे, लेकिन उनसे कोई बात नहीं हो सकी। इसके बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और वे फ्लैट पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि शुरुआत में डॉक्टर किरण की पत्नी प्रियंका ने ससुरालवालों से कहा कि उनके पति आराम कर रहे हैं। बाद में उन्होंने बताया कि किरण बाहर गए हुए हैं। लेकिन शाम तक जब डॉक्टर से कोई संपर्क नहीं हो पाया तो परिजन फ्लैट पहुंच गए।फ्लैट पहुंचने पर उन्होंने देखा कि डॉक्टर किरण एक कमरे में खून से लथपथ हालत में पड़े थे। वहीं, दूसरे कमरे में उनका 8 साल का बेटा घायल अवस्था में मिला। रिश्तेदारों ने तुरंत बच्चे को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या किस समय हुई और इसके पीछे की वजह क्या थी।जांच टीम फ्लैट में मौजूद सबूतों को जुटा रही है। इसके अलावा परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना के समय घर में कौन-कौन मौजूद था।
परिजनों ने पत्नी पर लगाए आरोप
डॉक्टर किरण के परिजनों ने इस हत्या के लिए उनकी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घटना के पीछे कुछ ऐसा कारण हो सकता है, जिसकी जानकारी पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी।फिलहाल पुलिस ने किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। पत्नी से पूछताछ के साथ-साथ घटनास्थल और सामने आए वीडियो की भी जांच की जा रही है।
बच्चे की हालत पर नजर
इस घटना में घायल हुए 8 वर्षीय बच्चे का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों की टीम उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। पुलिस का कहना है कि बच्चे के ठीक होने के बाद उसका बयान भी जांच में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।धारवाड़ की इस घटना ने चिकित्सा जगत और स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है। पुलिस जल्द ही मामले की पूरी सच्चाई सामने लाने की कोशिश कर रही है।