कर्ज विवाद में खतरनाक ड्रामा: एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे मैसूरु में शख्स कार के बोनट पर बैठा, 500 मीटर तक चली गाड़ी
कर्नाटक के मैसूरु शहर से एक हैरान करने वाली और खतरनाक घटना सामने आई है, जिसमें कर्ज के विवाद ने सड़क पर हाई-वोल्टेज ड्रामे का रूप ले लिया। पैसे वापस न मिलने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति कार के बोनट पर बैठ गया और वाहन को लगभग 500 मीटर तक इसी हालत में चलाया गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।मामले में मिली जानकारी के अनुसार, महादेव नाम के व्यक्ति ने धनंजय को कुछ पैसे उधार दिए थे। जब काफी समय बाद भी पैसे वापस नहीं मिले तो महादेव ने धनंजय से अपने पैसे की मांग की। इसी दौरान दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही सड़क पर हंगामे में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर धनंजय अपनी कार लेकर वहां से भागने लगा। अपने पैसे वापस लेने के इरादे से महादेव ने उसे रोकने की कोशिश की और अचानक चलती कार के बोनट पर कूद गया। इसके बाद स्थिति और भी खतरनाक हो गई।बताया जा रहा है कि धनंजय ने कार रोकने के बजाय उसकी स्पीड बढ़ा दी और महादेव को बोनट पर ही बैठे हुए लगभग 500 मीटर तक लेकर चला गया। यह पूरी घटना अंदोलना सर्कल से कुवेम्पुनगर पुलिस स्टेशन रोड तक बताई जा रही है। सड़क पर मौजूद लोगों ने इस दृश्य को देखकर हैरानी जताई और कुछ ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया है। स्थानीय पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल फुटेज के आधार पर दोनों पक्षों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।प्रारंभिक जांच में यह मामला वित्तीय लेनदेन और आपसी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, लेकिन जिस तरह से सार्वजनिक सड़क पर जान जोखिम में डालने वाली यह हरकत हुई, उसने सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के विवादों का सड़क पर इस तरह हिंसक रूप लेना बेहद चिंताजनक है और इससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही दोनों पक्षों से पूछताछ की संभावना है।