×

जमशेदपुर में मूसलधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, नदियां खतरे के निशान से ऊपर

 

झारखंड के जमशेदपुर में बीते 24 घंटे से हो रही लगातार मूसलधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। शहर की प्रमुख नदियां स्वर्णरेखा और खरकई खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बारिश के चलते निचले इलाकों में पानी भर गया है और कई जगहों पर जलभराव से सड़कें डूब गई हैं। वहीं, जल प्रबंधन के तहत गाजिया बराज और चांडिल डैम के फाटक खोलने पड़े हैं।

शुक्रवार सुबह से शुरू हुई बारिश शनिवार सुबह तक जारी रही। मौसम विभाग के अनुसार, शहर में अब तक 82.6 मिमी वर्षा दर्ज की जा चुकी है। भारी बारिश के कारण डैम और बैराज का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिसके चलते गाजिया बराज डैम के फाटक खोलने पड़े, ताकि अतिरिक्त पानी को छोड़ा जा सके और किसी भी आपदा से बचा जा सके। इसके अलावा, चांडिल डैम के आठ रेडियल गेट खोल दिए गए हैं, जिससे नदियों में जल प्रवाह और तेज हो गया है।

खतरे के निशान से ऊपर पहुंचीं नदियां

स्वर्णरेखा नदी और खरकई नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। स्वर्णरेखा नदी ने खतरे का निशान पार कर लिया है और इससे लगे कई गांवों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। खरकई नदी के किनारे बसे गांवों और निचले इलाकों में भी बाढ़ की चेतावनी दी गई है। जिला प्रशासन ने SDRF और NDRF को अलर्ट पर रखा है।

शहर में जलभराव, यातायात बाधित

लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के मुख्य बाजार इलाकों, स्कूल-कॉलेजों और अस्पतालों में भी पानी भर गया है। साकची, बिष्टुपुर, कदमा और सोनारी जैसे क्षेत्रों में लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई जगह दोपहिया वाहन बंद हो गए और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई।

प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने नदियों के किनारे बसे लोगों से नदी के पास न जाने की अपील की है। नगर निगम की टीमें लगातार जल निकासी में लगी हुई हैं। जिले के स्कूलों को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। जिला आपदा प्रबंधन विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

अगले 48 घंटे और भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटे तक भारी वर्षा जारी रह सकती है। ऐसे में स्थिति और गंभीर हो सकती है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वह घरों से बाहर निकलने से बचें और प्रशासन की तरफ से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।