☰
×

झारखंड में वर्दी पर दाग; थाने में महिला से रेप के मामले में दो और पुलिसकर्मी गिरफ्तार, BJP ने खोला मोर्चा

 

झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाने में महिला के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने दो और कर्मियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक सब-इंस्पेक्टर और एक कांस्टेबल शामिल हैं। इससे पहले एक वायरलेस ऑपरेटर कांस्टेबल को गिरफ्तार किया गया था। अब इस मामले में गिरफ्तार पुलिसकर्मियों की संख्या तीन हो गई है। वहीं, लापरवाही और ड्यूटी में कोताही के आरोप में अब तक 15 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जा चुका है।

मामला 29 अक्टूबर की रात का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, 20 वर्षीय महिला का अपने पति के साथ विवाद हुआ था। उसे डर था कि पति उसके साथ मारपीट कर सकता है। इसके बाद वह घर छोड़कर पड़ोसी के यहां चली गई और मोबाइल फोन से पुलिस को सूचना दी। पुलिस की PCR गाड़ी उसे गम्हरिया थाने लेकर पहुंची। देर रात होने के कारण उसे थाने परिसर में बने एक कमरे में आराम करने के लिए जगह दी गई थी।

महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि रात में ड्यूटी पर तैनात वायरलेस ऑपरेटर कमरे में आया और उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला का दावा है कि उसने विरोध किया और मदद के लिए आवाज लगाई, लेकिन कोई नहीं पहुंचा। इसके बाद उसने पास में रखे चाकू से आरोपी को घायल कर दिया। आरोप है कि अगले दिन कुछ पुलिसकर्मियों ने उसे पैसे देकर घर लौटने और शिकायत आगे नहीं बढ़ाने के लिए कहा।

SIT की जांच के बाद दो और गिरफ्तारियां

मामले की जांच के लिए सरायकेला-खरसावां के एसपी मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई थी। टीम की रिपोर्ट के आधार पर सब-इंस्पेक्टर मनोज कुमार साहू और कांस्टेबल संतोष कुमार राय को गिरफ्तार किया गया। इससे पहले कथित दुष्कर्म के आरोपी वायरलेस ऑपरेटर को गिरफ्तार किया जा चुका था। पुलिस ने थाने के उस कमरे को भी सील किया है, जहां कथित घटना हुई थी, ताकि साक्ष्य सुरक्षित रखे जा सकें।

इस मामले में पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए कुल 15 कर्मियों को निलंबित किया है। इनमें थाना प्रभारी समेत अलग-अलग पदों पर तैनात पुलिसकर्मी शामिल हैं। एसपी ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और संलिप्तता या लापरवाही सामने आने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

BJP ने किया प्रदर्शन, महिला आयोग से हस्तक्षेप की मांग

घटना को लेकर झारखंड में सियासी घमासान भी शुरू हो गया है। भाजपा ने गम्हरिया में प्रदर्शन किया और झारखंड सरकार के खिलाफ पुतला दहन किया। पार्टी नेताओं ने आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की है। भाजपा ने राष्ट्रीय महिला आयोग को पत्र लिखकर मामले में हस्तक्षेप करने की अपील भी की है।

भाजपा नेताओं ने थाने में लगे CCTV कैमरों की फुटेज सुरक्षित रखने, पीड़िता को सुरक्षा देने और कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि न्याय की उम्मीद लेकर थाने पहुंची महिला के साथ पुलिस परिसर में ऐसी घटना होना गंभीर चिंता का विषय है। भाजपा ने राज्य के सभी 595 संगठनात्मक मंडलों में विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान भी किया है।फिलहाल मामले की जांच SIT कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।