जमीन के लिए मां और सौतेली बहन की हत्या, शवों पर डीजल डालकर जलाया और जंगल की गुफा में दफनाया; बेटे समेत 7 गिरफ्तार
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में जमीन विवाद को लेकर मां और बेटी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला के सौतेले बेटे ने जमीन पर कब्जा करने के इरादे से अपने साथियों के साथ मिलकर मां और सौतेली बहन की हत्या की साजिश रची। वारदात के बाद आरोपियों ने दोनों के शवों को जंगल की पहाड़ी पर बनी गुफा में ले जाकर डीजल डालकर जला दिया। इसके बाद जले हुए अवशेषों को गुफा में ही दफना दिया। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी बेटे समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि छह अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
मृतकों की पहचान 68 वर्षीय कुनी कुई और उनकी 27 वर्षीय बेटी नामसी बिरुआ के रूप में हुई है। घटना मंझारी थाना क्षेत्र के बड़ा तोरलो गांव की है। पुलिस के मुताबिक, हत्या 13 अक्टूबर को की गई थी। मामले का खुलासा तब हुआ, जब 27 अक्टूबर को मां-बेटी के लापता होने की सूचना पुलिस को मिली। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और विशेष टीम गठित की।
खेत की मेड़ को लेकर शुरू हुआ था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, इस हत्याकांड की वजह जमीन विवाद और पारिवारिक रंजिश थी। जून 2026 में कुनी कुई का खेत की मेड़ काटने को लेकर यदुनाथ बिरुआ उर्फ यदु से विवाद हुआ था। इसके बाद मामला बढ़ता चला गया। पुलिस का आरोप है कि मां और बेटी को रास्ते से हटाकर उनकी जमीन पर कब्जा करने के मकसद से हत्या की साजिश रची गई।इस साजिश में कुनी कुई का पहला पति से हुआ बेटा त्रिभुवन बिरुआ भी शामिल बताया जा रहा है। 36 वर्षीय त्रिभुवन मृतका का सौतेला बेटा और नामसी का सौतेला भाई था। पुलिस के मुताबिक, उसने अन्य लोगों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी।
गुफा में ले जाकर शवों को जलाया
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर को मां-बेटी की हत्या करने के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश की। दोनों शवों को मोटरसाइकिल पर लादकर दावबुरु पहाड़ की एक सुनसान गुफा में ले जाया गया। वहां शवों पर डीजल डालकर आग लगा दी गई। शव जलने के बाद बची हुई हड्डियों और अन्य अवशेषों को गुफा में ही दफना दिया गया।पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर गुफा से जली हुई हड्डियां बरामद कीं। बरामदगी के दौरान अंचल अधिकारी और रांची से पहुंची फॉरेंसिक टीम भी मौजूद थी। टीम ने मौके से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए।
सात आरोपी गिरफ्तार, छह की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में त्रिभुवन बिरुआ समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में यदुनाथ बिरुआ उर्फ यदु, लादुरा बिरुआ, राजारा बिरुआ, चेदरे बिरुआ उर्फ चंद्र बिरुआ, माहती बिरुआ और दुई कोडाकेल उर्फ लखन कोडाकेल शामिल हैं। सभी आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।पुलिस के मुताबिक, हत्या की साजिश में कुल 13 लोग शामिल थे। इनमें से छह आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।