Jharkhand Weather: झारखंड में फिर बदलेगा मौसम, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; जानें कहां बरसेंगे बादल
झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है और मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने 12 सितंबर तक भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को भी कई इलाकों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई थी।
इन जिलों में जारी हुआ येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, देवघर और जामताड़ा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे से अगले 24 घंटे के लिए लातेहार, चतरा, पलामू और गढ़वा में भी इसी तरह की चेतावनी दी गई है।राजधानी रांची में भी मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। स्थानीय पूर्वानुमान के मुताबिक 11 और 12 सितंबर को रांची में बादल छाए रहने और बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं।
बंगाल की खाड़ी में बन रहा मौसम सिस्टम
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे बांग्लादेश के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसी सिस्टम के कारण झारखंड में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने का अनुमान है।मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में व्यापक बारिश होने की संभावना है। हालांकि शुक्रवार के बाद इस मौसम सिस्टम के कमजोर पड़ने से शनिवार से बारिश की गतिविधियों में कमी आने का अनुमान है।
आंधी-वज्रपात को लेकर भी सतर्क रहें
बारिश के साथ कई इलाकों में मेघ गर्जन और बिजली चमकने की स्थिति बन सकती है। रांची और जमशेदपुर के लिए जारी स्थानीय पूर्वानुमान में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी-वज्रपात की संभावना बताई गई है।ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी जाती है। किसानों और आम लोगों को भी मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर रखने की जरूरत है।
राज्य में बारिश की स्थिति
मौसम विभाग के मुताबिक 1 जून से 10 सितंबर के बीच झारखंड में 840.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य बारिश 873.8 मिमी होती है। इस तरह राज्य में अब तक करीब 4 फीसदी बारिश की कमी दर्ज की गई है।फिलहाल राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है और अगले दो दिनों तक मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को स्थानीय मौसम चेतावनियों को गंभीरता से लेने की सलाह दी गई है।