×

झारखंड देवघर हादसा: कांवड़ियों की बस गैस ट्रक से टकराई, 18 की मौत, 20 घायल, निशिकांत दुबे ने की पुष्टि

 

सावन के महीने में करोड़ों शिवभक्त कांवड़ यात्रा में शामिल होते हैं। इनमें से बड़ी संख्या में लोग झारखंड स्थित ज्योतिर्लिंग वैद्यनाथ धाम भी पहुँचते हैं। हालाँकि, कांवड़ यात्रा के दौरान झारखंड के देवघर से एक दुखद खबर सामने आ रही है। देवघर में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ जिसमें अब तक 18 कांवड़ियों की मौत हो गई है। वहीं, कई अन्य लोग घायल भी बताए जा रहे हैं।

हादसा कैसे हुआ?

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कांवड़ियों को ले जा रही बस गैस सिलेंडर लदे एक ट्रक से टकरा गई। यह हादसा सुबह करीब 4:30 बजे मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया जंगल के पास हुआ। कांवड़ियों से भरी 32 सीटों वाली बस और गैस सिलेंडर लदे एक ट्रक में टक्कर हो गई।

निशिकांत दुबे ने पुष्टि की

इस हादसे के बारे में दुमका प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक ने पहले कहा था कि इस हादसे में कम से कम 5 कांवड़ियों की मौत हो गई है। वहीं, यातायात पुलिस उपाधीक्षक लक्ष्मण प्रसाद ने बताया कि हादसे में कम से कम नौ लोगों की मौत हुई है। अब भाजपा नेता और क्षेत्रीय सांसद निशिकांत दुबे ने इस हादसे में 18 कांवड़ियों के मारे जाने की पुष्टि की है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा - "मेरे लोकसभा क्षेत्र के देवघर में श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान बस और ट्रक की टक्कर में 18 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। बाबा बैद्यनाथ जी उनके परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।"

मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

दुर्घटना के बाद, जिला प्रशासन द्वारा लोगों को बचाने के लिए बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पहुँचाया जा रहा है। हादसे में कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।