×

CRPF की गाड़ी हादसे का शिकार! 200 फीट नीचे गिरने से 3 जवान शहीद, इतने लोग बुरी तरह घायल 

 

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में एक दुखद हादसा हुआ है। यहाँ के बसंतगढ़ इलाके में सीआरपीएफ का एक वाहन 200 फीट गहरी खाई में गिर जाने से तीन जवानों की मौत हो गई है। इस हादसे में सीआरपीएफ के कई जवान घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुँच गया और घायलों को निकालकर बसंतगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से कुछ जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

एक ऑपरेशन से लौट रहे थे जवान
यह घटना सुबह करीब 10:30 बजे कदवा इलाके में हुई। उस समय जवान बसंतगढ़ से एक ऑपरेशन से लौट रहे थे। वाहन में अर्धसैनिक बल की 187वीं बटालियन के जवान सवार थे। उधमपुर के एडिशनल एसपी संदीप भट ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुँचकर बचाव अभियान शुरू किया और सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जताया दुख
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, "उधमपुर के पास एक दुर्घटना में सीआरपीएफ कर्मियों की मृत्यु से मुझे दुख हुआ है। हम राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा को कभी नहीं भूलेंगे। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। मैंने वरिष्ठ अधिकारियों को सर्वोत्तम संभव देखभाल और सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।"