किश्तवाड़ में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, वीडियो में देखें जैश-ए-मोहम्मद के 2 आतंकी ढेर; ऑपरेशन जारी
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में रविवार सुबह सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई, जिसमें दो आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, यह मुठभेड़ किश्तवाड़ के चतरू इलाके में चल रही है और फिलहाल सुरक्षा एजेंसियों का ऑपरेशन जारी है।
समाचार एजेंसी PTI के अनुसार, सुरक्षाबलों को खुफिया जानकारी मिली थी कि जैश-ए-मोहम्मद के 2 से 3 आतंकी चतरू क्षेत्र में एक ठिकाने पर छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त रूप से इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
सर्च ऑपरेशन के दौरान जब सुरक्षाबल संदिग्ध ठिकाने के पास पहुंचे, तभी वहां छिपे आतंकियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया और आतंकियों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने लगातार गोलीबारी जारी रखी।
अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने उस ठिकाने को ही विस्फोट कर उड़ा दिया, जहां आतंकी छिपे हुए थे। इस कार्रवाई में दो आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। हालांकि, आशंका जताई जा रही है कि अभी एक और आतंकी इलाके में छिपा हो सकता है, जिसके चलते ऑपरेशन अभी भी जारी है।
सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान तेज कर दिया है। पहाड़ी और घने जंगलों वाले इस क्षेत्र में ऑपरेशन सावधानी के साथ चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी आतंकी को भागने का मौका न मिले।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी 4 फरवरी को इसी चतरू इलाके में सुरक्षाबलों ने जैश-ए-मोहम्मद के एक आतंकी को मार गिराया था। इसके अलावा हाल ही में उधमपुर जिले में भी बड़ी कार्रवाई करते हुए सुरक्षाबलों ने एक गुफा में छिपे जैश के दो आतंकियों को ग्रेनेड विस्फोट में ढेर कर दिया था।
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों को सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और आतंकियों के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए सुरक्षा बल प्रतिबद्ध हैं।
फिलहाल, किश्तवाड़ के चतरू इलाके में स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और ऑपरेशन के पूरी तरह समाप्त होने के बाद ही विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।