×

मंडी : मनाली-चंडीगढ़ हाईवे पर भूस्खलन, बाल-बाल बचे कई वाहन चालक

 

चट्टानों, मलबे व बिजली के खंभों की चपेट में आने से कई वाहन चालक बाल-बाल बचे। कई वाहन चालकों ने मौके पर अपने वाहन छोड़ भाग कर जान बचाई। मलबा हटाने के लिए यहां लगाई गई एक एलएंडटी क्षतिग्रस्त हुई है। मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंडी जिले के सात मील में बुधवार दोपहर बाद भूस्खलन होने से करीब एक घंटा यातायात बाधित रहा। बारिश थमने के बाद यहां कंस्ट्रक्शन कंपनी ने मलबा हटाने के लिए मशीनरी लगाई और करीब एक घंटे बाद यातायात बहाल हुआ।

मंगलवार रात भी यहीं पर भूस्खलन होने से हाईवे रात भर बंद रहा था। सुबह ही यातायात बहाल हो पाया था। हाईवे बंद होने पर प्रशासन ने वाहनों को कटौला बजौरा मार्ग से कुल्लू-मनाली के लिए भेजा था। दोपहर बाद अचानक मूसलधार बारिश से पहाड़ी में भूस्खलन होने से बिजली की उच्च क्षमता के खंभे पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। इससे क्षेत्र में बिजली व्यवस्था का ढांचा चरमरा गया है। सात मील में बार बार भूस्खलन होने के बाद पुलिस प्रशासन ने यहां कंस्ट्रक्शन कंपनी को लोगों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।