हिमाचल में मौसम का बदला मिजाज: बारिश के बाद ठंडक, वीडियो में देंखे मैदानी इलाकों में हीटवेव का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में बीती रात हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है। इससे पहाड़ी क्षेत्रों में पहुंचे पर्यटक ठंडी और खुशनुमा हवा का आनंद ले रहे हैं। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे पर्यटन स्थलों पर रौनक बढ़ गई है।
हालांकि आज राजधानी शिमला समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह से ही आसमान में हल्के बादल छाए हुए हैं और बीच-बीच में हल्की धूप भी निकल रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले घंटों में मध्यम ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है।वहीं दूसरी ओर, राज्य के मैदानी इलाकों में गर्मी का असर तेज हो गया है। मौसम विग ने ऊना, बिलासपुर और सोलन जिले के निचले क्षेत्रों में हीटवेव को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
अधिकारियों के मुताबिक, इन इलाकों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जिससे गर्मी और अधिक परेशान कर सकती है। इसके विपरीत, पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश और बादलों के कारण तापमान सामान्य स्तर के आसपास बना रहेगा।मौसम के इस बदलते मिजाज ने एक तरफ जहां पर्यटकों को राहत दी है, वहीं मैदानी इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए गर्मी की चुनौती फिर से बढ़ा दी है।