☰
×

हिमाचल में फिर बदला मौसम, किन्नौर में सीजन की पहली बर्फबारी; ठंड बढ़ी

 

हिमाचल प्रदेश में सितंबर के आखिरी दिनों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। प्रदेश में मानसून की सक्रियता बनी हुई है और पिछले 24 घंटों के दौरान कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। वहीं, ऊंचाई वाले पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी होने से तापमान में गिरावट आई है और ठंड बढ़ गई है। जनजातीय जिले किन्नौर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है।

किन्नौर के छितकुल, सांगला कंडा, भावावैली, आसरंग, कुन्नोचारंग और लिप्पा समेत कई ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई। इसके अलावा निचले क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहा। लाहौल-स्पीति की स्पीति घाटी में भी काजा और चिचम सहित कुछ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सीजन की पहली बर्फबारी हुई, जिससे ठंड का असर बढ़ गया है।

राजधानी शिमला समेत प्रदेश के कई हिस्सों में भी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल में 29 सितंबर तक बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति के लिए मौसम को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

बारिश और बर्फबारी का असर सड़क यातायात पर भी दिखाई देने लगा है। किन्नौर में लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर पहाड़ी से पत्थर गिरने और मलबा आने की घटनाएं सामने आई हैं। टापरी के पास मलिंग नाला क्षेत्र में शूटिंग स्टोन और मलबे के कारण एनएच-05 पर यातायात प्रभावित हुआ। प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की टीमें सड़क को बहाल करने के काम में जुटी हैं।

मौसम में बदलाव के कारण प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सुबह और शाम ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में भी बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान में और गिरावट आ सकती है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही सफर करने की सलाह दी गई है।फिलहाल हिमाचल में बारिश और बर्फबारी का दौर 29 सितंबर तक बने रहने का अनुमान है। इसके बाद मौसम के धीरे-धीरे साफ होने की संभावना जताई गई है।