हिमाचल में बारिश का कहर: ठियोग में भूस्खलन से गाड़ी पर गिरीं चट्टानें, वीडियो में देंखे 20 से ज्यादा सड़कें बंद; फ्लैश फ्लड का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में मानसून की तेज बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शिमला जिले के ठियोग और आसपास के इलाकों में रविवार रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद हालात बिगड़ गए। भारी बारिश के कारण कई जगहों पर भूस्खलन हुआ, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। ठियोग के प्रेमघाट क्षेत्र में लैंडस्लाइड के दौरान बड़ी-बड़ी चट्टानें एक गाड़ी पर जा गिरीं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, इस घटना में किसी बड़े नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है।
भारी बारिश से 20 से ज्यादा सड़कें बंद
रविवार रात हुई तेज बारिश के बाद शिमला जिले के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। मूसलाधार बारिश के चलते क्षेत्र में 20 से अधिक सड़कें बंद हो गई हैं। सड़कें बंद होने से स्थानीय लोगों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें बंद सड़कों को खोलने के काम में जुटी हुई हैं। पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा लगातार बना हुआ है।
कुल्लू में लैंडस्लाइड से स्कूल भवन क्षतिग्रस्त
कुल्लू जिले के निरमंड क्षेत्र में भी बारिश का असर देखने को मिला है। यहां लैंडस्लाइड की चपेट में आने से सरकारी स्कूल पांकवा का भवन क्षतिग्रस्त हो गया।भूस्खलन के कारण स्कूल भवन को नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने स्थिति का जायजा लेना शुरू कर दिया है और सुरक्षा के लिहाज से जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
अगले छह दिन बारिश का दौर जारी रहने की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में अगले छह दिनों तक अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा और सिरमौर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
सात जिलों में फ्लैश फ्लड की चेतावनी
इस बीच, भारतीय मौसम विभाग (IMD) दिल्ली ने ताजा बुलेटिन जारी करते हुए प्रदेश के कई जिलों में फ्लैश फ्लड की चेतावनी जारी की है।मंगलवार सुबह 5:30 बजे तक चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन जिलों में अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का खतरा जताया गया है।मौसम विभाग ने लोगों को नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है। प्रशासन भी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ी सतर्कता
लगातार बारिश के चलते हिमाचल के पहाड़ी इलाकों में सड़क, बिजली और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से सावधानी बरतने की अपील की है।बारिश के कारण जहां एक ओर प्राकृतिक जलस्रोतों का जलस्तर बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर भूस्खलन की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। आने वाले दिनों में मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए राज्य में निगरानी और राहत तैयारियां तेज कर दी गई हैं।