×

हिमाचल में बारिश बनी आफत, फुटेज में देंखे चंबा में फ्लैश फ्लड से मची तबाही, शिमला में लैंडस्लाइड से लंबा जाम

 

हिमाचल प्रदेश में सोमवार रात हुई मूसलाधार बारिश ने कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। सबसे ज्यादा असर चंबा जिले में देखने को मिला, जहां भारी बारिश के बाद अचानक फ्लैश फ्लड आ गया। कई घरों, दुकानों और वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा, जबकि शिमला में भूस्खलन के कारण यातायात लंबे समय तक प्रभावित रहा।मौसम विभाग के अनुसार, चंबा के जोत में सबसे अधिक 137.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बिलासपुर के नैनादेवी में 118 मिलीमीटर और शिमला में 58.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार हुई तेज बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव और भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/4Nojfa7M8i4?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/4Nojfa7M8i4/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

चंबा में आधी रात को मचा हड़कंप

चंबा के सरोल मोहल्ले में देर रात फ्लैश फ्लड आने से अफरा-तफरी मच गई। तेज बहाव के साथ आए पानी, पत्थरों और मलबे ने रिहायशी इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। हालात ऐसे हो गए कि लोगों को आधी रात में अपनी जान बचाने के लिए घर छोड़कर बाहर निकलना पड़ा।मलबे के कारण कई घरों और दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा। एक मकान की पूरी मंजिल मलबे में दब गई। स्थानीय प्रशासन और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित परिवारों की मदद शुरू की।

कई वाहन क्षतिग्रस्त, कुछ बह गए

फ्लैश फ्लड की चपेट में आने से करीब 10 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि कुछ गाड़ियां तेज बहाव में बह गईं। प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है और प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

शिमला में लैंडस्लाइड से लगा लंबा जाम

राजधानी शिमला में भी भारी बारिश के कारण सर्कुलर रोड पर कांग्रेस कार्यालय के बाहर पहाड़ी से भूस्खलन हो गया। सड़क पर मलबा आने के कारण कुछ समय के लिए यातायात रोकना पड़ा। बाद में मलबा हटाने का काम शुरू किया गया, लेकिन इस दौरान सड़क पर करीब डेढ़ से दो किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। इससे कार्यालय जाने वाले लोगों और पर्यटकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रशासन अलर्ट, लोगों से सतर्क रहने की अपील

भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया है और लोगों से नदी-नालों तथा भूस्खलन संभावित इलाकों से दूर रहने की अपील की गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों को मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। लगातार हो रही बारिश के चलते हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में जनजीवन प्रभावित है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।