मंडी में सरकारी भवन की दीवार पर प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी, फुटेज में देंखे पुलिस से कार्रवाई की मांग
देशभर में जारी छात्र आंदोलन के बीच हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी लिखे जाने का मामला सामने आया है। सरकारी भवन की दीवार पर लिखे गए नारों को लेकर स्थानीय लोगों और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने कड़ी आपत्ति जताई है। मामले में पुलिस से शिकायत कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
सरकारी भवन की दीवार पर लिखे गए नारे
जानकारी के अनुसार, मंडी की इंदिरा मार्केट स्थित एक सरकारी भवन की दीवार पर "Modi Resign", "CJP in Power" और कुछ अन्य आपत्तिजनक शब्द लिखे गए मिले। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली।दीवार पर लिखे गए संदेशों की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया।
स्थानीय निवासी ने दर्ज कराई शिकायत
मंडी निवासी चंदन शर्मा ने पुलिस को शिकायत देकर पूरे मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अपनी शिकायत में उन्होंने कहा कि यह न केवल सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला है, बल्कि इससे सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है।उन्होंने पुलिस से दीवार पर लिखावट करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
भाजयुमो ने भी एसपी को सौंपा ज्ञापन
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जिला मंडी ने भी इस मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) मंडी को शिकायत सौंपी है। संगठन ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर अभद्र टिप्पणी लिखना अस्वीकार्य है और यह माहौल खराब करने की कोशिश है।भाजयुमो ने दोषियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर भी कार्रवाई करने की बात कही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दीवार पर लिखावट करने वाले लोगों की पहचानकी जा सके।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। यदि जांच में किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल, प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों से बचने की अपील की है। वहीं, इस घटना को लेकर मंडी में राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया है।