धर्मशाला पहुंची मुंबई इंडियंस की टीम, दो मिनट के वीडियो में देखें रोहित शर्मा की एक झलक के लिए उमड़ा फैंस का सैलाब
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 58वें मुकाबले के लिए मुंबई इंडियंस (MI) की टीम मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला पहुंच गई। टीम चंडीगढ़ से एलायंस एयर के विशेष विमान के जरिए कांगड़ा एयरपोर्ट पर उतरी और वहां से सीधे धर्मशाला के लिए रवाना हुई।
दुनिया के सबसे खूबसूरत क्रिकेट मैदानों में शुमार एचपीसीए स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले को लेकर भले ही मुंबई इंडियंस इस सीजन प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी हो, लेकिन इसके बावजूद टीम और खासकर कप्तान रोहित शर्मा के प्रति प्रशंसकों का उत्साह कम नहीं हुआ।
कांगड़ा एयरपोर्ट के बाहर मंगलवार को सुबह से ही सैकड़ों क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ जमा हो गई थी। फैंस अपने पसंदीदा खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए घंटों इंतजार करते नजर आए। जैसे ही मुंबई इंडियंस की टीम एयरपोर्ट से बाहर आई, माहौल पूरी तरह उत्साह और जोश से भर गया।
इस दौरान सबसे ज्यादा क्रेज भारतीय स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा को लेकर देखने को मिला। जैसे ही वह एयरपोर्ट से बाहर निकले, वहां मौजूद भीड़ ने जोरदार “मुंबई-मुंबई” के नारों से पूरा परिसर गूंजा दिया। फैंस अपने मोबाइल कैमरों में इस पल को कैद करने की कोशिश करते नजर आए, जबकि सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल भी पूरी तरह मुस्तैद रहा।
सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए रोहित शर्मा ने किसी तरह का लंबा रुकाव नहीं किया और सीधे अपनी लग्जरी टीम बस में सवार होकर होटल के लिए रवाना हो गए। टीम के अन्य खिलाड़ी भी इसके बाद बस में सवार होकर धर्मशाला के प्रतिष्ठित होटल रेडिसन ब्लू की ओर निकल गए, जहां मुंबई इंडियंस का ठहराव तय किया गया है।
धर्मशाला का यह मैदान अपनी खूबसूरती और पहाड़ों के बीच स्थित होने के कारण खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों के लिए खास माना जाता है। ऐसे में MI का यहां पहुंचना एक बार फिर से आईपीएल के रोमांच को नई ऊंचाई देने वाला माना जा रहा है।
हालांकि टीम इस सीजन में आगे की दौड़ से बाहर हो चुकी है, लेकिन रोहित शर्मा जैसे बड़े सितारों की मौजूदगी ने मैच को लेकर फैंस के बीच उत्साह को और बढ़ा दिया है। अब सभी की नजरें आगामी मुकाबले और मैदान पर होने वाले प्रदर्शन पर टिकी हैं।